चूरू. जोधपुर के मकराना में पत्थर देखकर वापस पंजाब लौट रहे बाइक सवार 2 युवकों के रविवार दोपहर एनएच 52 पर रामगढ़ के पास एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को पहले रामगढ़ के अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से कांस्टेबल अनीता ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार पंजाब निवासी तेज महेंद्र सिंह अपने दोस्त मनदीप सिंह के साथ जोधपुर के मकराना में पत्थर देखकर वापस पंजाब की ओर लौट रहे थे। इस दौरान रामगढ़ के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक के टक्कर मार दी। घायल तेज महेंद्र सिंह ने बताया कि वह पत्थर का काम करता है। पंजाब में किसी कंस्ट्रक्शन में काम में लेने के लिए पत्थर देखने मकराना गया था। एनएच 52 रामगढ़ के पास एक कार ने टक्कर मार दी। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों घायल डीबी अस्पताल में उपचाराधीन है। जिनको प्राथमिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर में शिफ्ट किया है।
