जयपुर. अजमेर से दिल्ली वाया जयपुर शुरू की गई वंदे भारत ट्रेन अब यात्रियों के लिए तरसने लग गई है। अजमेर से दिल्ली वाया जयपुर शुरू की गई वंदे भारत एक्सप्रेस में वर्तमान में क्षमता के मुकाबले महज आधे यात्री ही यात्रा कर रहे हैं। इसके पीछे बड़ा कारण वंदे भारत ट्रेन के शेड्यूल को माना जा रहा है। दूसरी तरफ जयपुर से दिल्ली के लिए संचालित होने वाली डबल-डेकर ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी हुई जा रही है। वंदे भारत को पहले जयपुर से दिल्ली के बीच संचालित किया जाना था, लेकिन आखिरी समय में इसे अजमेर से जयपुर होते हुए दिल्ली तक संचालित किया गया। दावा किया था कि यह ट्रेन 3 से 4 घंटे में दिल्ली पहुंचेगी। शुरुआत में यह ट्रेन सफर में थोड़ा ज्यादा समय लेगी लेकिन बाद में इसकी स्पीड बढ़ा दी जाएगी, लेकिन अभी भी ट्रेन को अपना सफर तय करने में ज्यादा वक्त लग रहा है।
वंदे भारत और डबल डेकर के समय में नहीं ज्यादा फासला
इस ट्रेन का किराया भी दिल्ली के लिए संचालित होने वाली दूसरी ट्रेनों से ज्यादा है। वंदे भारत जयपुर से सुबह 7.55 बजे रवाना होती है। जबकि डबल-डेकर सुबह 6 बजे रवाना हो रही है। दोनों ट्रेनों में दिल्ली जाने के लिए समय का बहुत बड़ा फासला नहीं है। लिहाजा दिल्ली जाने वाले यात्री डबल-डेकर से चले जाते हैं। वापसी में भी वे डबल-डेकर से ही लौट आते हैं। डबल-डेकर का किराया भी वंदे भारत के मुकाबले बेहद सामान्य है। रेल अधिकारियों का मानना है कि वंदे भारत और डबल-डेकर के बीच समय का फासला बढ़ाया जाना चाहिए।
