
Bappi Lahiri: मशहूर गायक और संगीतकार बप्पी लहरी का मुंबई में मंगलवार रात एक अस्पताल में 69 साल की उम्र में निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। बप्पी दा के नाम से मशहूर बप्पी लहरी अपने खास अंदाज के लिए जाने जाते थे। उन्हें सोने के गहने पहनने का बहुत शौक था। सार्वजनिक कार्यक्रमों में उन्हें हर बार ढेर सारे सोने के गहने पहने हुए देखा जाता था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि किसी ज्योतिष ने उन्हें सोने के गहने ग्रहण करने की सलाह दी थी।
जानकारी के अनुसार बप्पी लहरी का निधन मंगलवार रात बीमारी (Obstructive Sleep Apnea) से हो गया। लहरी का काफी समय से इलाज चल रहा था, वह कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके करीबियों ने बताया कि करीब एक माह बाद सोमवार को ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। मंगलवार को फिर तबीयत खराब हो गई थी। परिवार ने डॉक्टर को घर बुलाया और उसके बाद उन्हें फिर से अस्पताल ले जाया गया था।
पिछले दिनों ही संगीत की दुनिया का सबसे खूबसूरत सितारा कही जाने वाली लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। अब बप्पी लहरी के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर उठ गई है। 1970-80 के दशक में बप्पी लहरी ने गानों ने धूम मचा दी थी। फिल्म चलते चलते, डिस्को डांसर और शराबी जैसी फिल्मों में उनके गाने लोगों की जुबां पर आज भी सुनाई देते हैं. उनका आखिरी गाना साल 2020 में फिल्म बागी 3 के लिए भंकस था।