
मुंबई, एएनआइ. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने देश के जाने माने उद्योगपति रतन टाटा को उनके घर जाकर राज्य के सबसे बड़े नागरिक सम्मान असम वैभव से नवाजा। उल्लेखनीय है कि रतन टाटा को ये सम्मान असम सरकार की ओर से 24 जनवरी को गुवाहाटी में आयोजित एक कार्यक्रम में दिया जाना था, लेकिन निजी वजहों के चलते वह इस सम्मान समारोह में शिरकत नहीं कर पाए थे।
टाटा ट्रस्ट ने असम सरकार के सहयोग से साल 2018 में कैंसर देखभाल इकाइयां स्थापित करने का फैसला किया था। रतन टाटा को इसी योगदान के लिए असम के सबसे बड़े नागरिक सम्मान असम वैभव से नवाजा है। बीते दिनों मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि असम के लोग कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के इलाज के लिए रतन टाटा के असाधारण योगदान के लिए उनका बहुत आभारी हैं।
Assam CM Himanta Biswa Sarma presents Asom Baibhav – the highest state civilian award – to industrialist Ratan Tata.
— ANI (@ANI) February 16, 2022
Due to personal reasons, Ratan Tata couldn't attend the official award ceremony held at Srimanta Sankaradev Kalakshetra, Guwahati on 24th January. pic.twitter.com/y0Du5QHPt1
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा बुधवार को टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा को सम्मानित करने के लिए मुंबई पहुंचे। बीते 24 जनवरी को असम सरकार ने गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 17 अन्य विशिष्ट हस्तियों को असम सौरव और असम गौरव से सम्मानित किया था। इन हस्तियों में टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता लवलीन बोरगोहेन भी शामिल थीं।
असम सौरव और असम गौरव से सम्मानित की जाने वाली अन्य हस्तियों में कोविड-19 वारियर, कलाकार, उद्यमी और डाक्टर शामिल थे। दो दिग्गज शख्स रतन टाटा और दीपक चंद जैन राज्य सरकार की ओर से गुवाहाटी में आयोजित सम्मान समारोह में निजी वजहों के चलते शामिल नहीं हो पाए थे। रतन टाटा को असम बैभव पुरस्कार के लिए नामित किया गया था जबकि दीपक चंद जैन जिन्हें असम सौरव सम्मान के लिए नामित किया गया था।