
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। जैसे जैसे समय बीता मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतार लगी नजर आई। आपको बता दें कि ये 18वीं विधानसभा के गठन के लिए चुनाव हो रहे हैं। पहले दो चरण पूरे हो चुके हैं। अब मतदाता तीसर चरण के किलए मतदान करने को लेकर उत्साहित नजर आ रहा है। मतदान के पहले घंटे में कई स्थानों पर ईवीएम में हल्की खराबी होने के समाचार भी सामने आए हैं। सुहागनगरी फिरोजाबाद में रविवार को एक नवविवाहिता ने सुसराल रवाना होने से पहले वोट डाला। यहां के हनुमानगढ़ लक्ष्मी कॉन्वेंट स्कूल मतदान केन्द्र पर एक नवविवाहिता ने भी मतदान किया। इधर कानपुर के महाराजपुर से भाजपा प्रत्याशी प्रदेश सरकार में मंत्री सतीश महाना ने इस बार के चुनाव को सबसे आसान बताया है। महाना ने कानपुर में मतदान के बाद कहा कि इस बार सबसे आसान चुनाव है। समाजवादी पार्टी को सभी जगह पर अपनी सीट पर मुश्किलें हो रहीं हैं। इतना ही नहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को समर्थन के लिए अपने पिताजी मुलायम सिंह यादव को बुलाना पड़ा। उनकी खुद की सीट फंसी हुई है वह पहले अपनी सीट बचाएं, इसके बाद उत्तर प्रदेश की चिंता करें।
लम्बे समय बाद ये साथ दिखे
समाजवादी पार्टी परिवार में विवाद के लम्बे अंतराल के बाद पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सदस्य प्रोफेसर राम गोपाल यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव लम्बे समय बाद एकसाथ नजर आए। रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव ने इटावा सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सैफई के अभिनव विद्यालय मतदान केन्द्र पर वोट डाला। इसी दौरान प्रोफेसर रामगोपाल यादव और प्रसप प्रमुख शिवपाल सिंह यादव की भेंट भी हो गई। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने प्रोफेसर रामगोपाल यादव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद आदि ने डाला वोट
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सहित विधायकों ने भी अपने परिवार के लोगों के साथ वोट डाला। कांग्रेस के शासन में केन्द्र सरकार में मंत्री रहे सलमान खुर्शीद ने फर्रुखाबाद में मतदान किया। यहां उनकी पत्नी लुइस खुर्शीद कांग्रेस की प्रत्याशी हैं। मतदान के बाद सलमान खुर्शीद ने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश में पहले काफी दिक्कतें हुईं हैं लेकिन हमारी नेता प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को मजबूती दी है और हमें इस बार जनता से अच्छा बहुमत मिलेगा। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में यहां की राजनीति के परिदृश्य में अपना नाम दर्ज कराने आई है।
फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव नवादा दोयम मतदान केन्द्र पर भाजपा प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह राठौर ने वोट डाला। कानपुर के गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेन्द्र मैथानी परिवार के साथ कानपुर पब्लिक इंटर कॉलेज, डबल पुलिया काकादेव के बूथ पर वोट डाला। एटा के बाल विद्या मन्दिर बूथ पर मतदान क बाद राज्य सभा सदस्य हरनाथ सिंह ने मतदान किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में तीसरे चरण के लिए 16 जिलों की 59 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 2.16 करोड़ मतदाता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा केन्द्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल सहित 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 97 प्रत्याशी महिला हैं। इस चरण में 13 सीटें सुरक्षित हैं।
इन सीटों पर भी चल रहा है मतदान
तीसरे चरण में पटियाली, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर (अ.जा.), मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, भोगांव, किशनी (अ.जा.), करहल, कायमगंज (अ.जा.), अमृतपुर, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, ललितपुर, हमीरपुर व महोबा में मतदान चल रहा है। इसी प्रकार हाथरस (अ.जा.), सादाबाद, सिकन्दरा राऊ, टूंडला (अ.जा.), जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमापुर, फर्रुखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज (अ.जा.), बिल्हौर (अ.जा.), बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवई नगर, कानपुर कैंटोनमेंट, महराजपुर, घाटमपुर (अ.जा.), माधौगढ़, कालपी, उरई (अ.जा.), बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर (अ.जा.), जसवंत नगर, इटावा, भरथना (अ.जा.), बिधूना, दिबियापुर, औरेया (अ.जा.), रसूलाबाद (अ.जा.), अकबरपुर-रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, गरौठा, ललितपुर, महरौनी (अ.जा.), हमीरपुर, राठ (अ.जा.), महोबा तथा चरखारी विधानसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है।
इन नेताओं की प्रतिष्ठा दाव पर
तीसरे चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री एसपी सिंहबघेल कर रहे हैं। योगी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना कानपुर की महराजपुर, आबकारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार कल्याणपुर से चुनाव मैदान में हैं। शिवपाल सिंहयादव इटावा की जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। फिरोजाबाद की सिरसागंज सीट पर मुलायम सिंहयादव के समधी हरिओम यादव इस बार भाजपा के टिकट से किस्मत आजमा रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय कपूर व सीसामऊ सीट पर सपा के हाजी इरफान सोलंकी फिर मैदान में हैं। फर्रूखाबाद से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं। बसपा छोड़कर भाजपा में आए विधायक रामवीर उपाध्याय हारथरस की सादाबाद से चुनाव मैदान में हैं। आइपीएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए असीम अरुण कन्नौज से भाजपा के टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं।
केन्द्रीय बलों की 866 कंपनियां तैनात
उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण के चुनाव में केंद्रीय बलों की 866 कंपनियां तैनात हैं। इनमें से बूथों पर 860 कंपनी, स्ट्रांग रूम ड्यूटी के लिए छह कंपनी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस के 5154 इंस्पेक्टर एवं सब इंस्पेक्टर, 50597 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षियों को लगाया गया है। इनके साथ 39 कंपनी पीएसी, 49905 होमगार्ड, 1330 पीआरडी जवान व 10425 चौकीदारों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। 50 प्रतिशत बूथों की वेबकास्टिंग के जरिए सीधी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की दिक्कत है। वहां वीडियो कैमरे की व्यवस्था है।
641 आदर्श मतदान केन्द्र बनाए
तीसरे चरण में 15,557 मतदान केंद्रों के 25,794 पर वोट डाले जा रहे हैं। आयोग ने 641 आदर्श मतदान केंद्र बनाए हैं। 129 पिंक पोलिंग बूथ भी बनाए हैं इनमें सिर्फ महिलाकर्मी ही तैनात की गई है। इसके साथ दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर व जगह-जगह वालंटियर की भी व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, एक वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक व दो वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से मतदाता पर्ची वितरित कराई जा चुकी है। इसके जरिए मतदाताओं को मतदेय स्थल व क्रम संख्या की जानकारी हो सकेगी। इसके अलावा मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी अपने मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पिछले चुनाव में 59 में 49 सीटों पर था भाजपा का कब्जा
वर्ष 2017 के चुनाव में इन 59 सीटों में 49 सीटों पर भाजपा का कब्जा था। सपा के खाते में आठ व बसपा व कांग्रेस के पास एक-एक सीट थी। उस समय इन सीटों पर 62.21 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2019 के लोक सभा चुनाव में 59.73 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस चरण के चुनाव में जहां भाजपा परिवारवाद का आरोप लगाकर एक ओर सपा को घेर रही है वहीं, योगी सरकार बेहतर कानून व्यवस्था के लिए वोट मांग रही है। वहीं, सपा बेरोजगारी, किसानों की समस्या के साथ ही 300 यूनिट फ्री बिजली देने सहित कई लुभावने मुद्दों पर वोट मांग रही है।
तीसरा चरण : एक नजर में
-कुल मतदाता : 2.16 करोड़
पुरुष मतदाता : 1.16 करोड़
महिला मतदाता : 1.00 करोड़
थर्ड जेंडर मतदाता : 1060
-कुल प्रत्याशी : 627
-महिला प्रत्याशी : 97
-कुल इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) : 25,794
-माइक्रो आब्जर्वर : 3069
-सामान्य प्रेक्षक : 52
-व्यय प्रेक्षक : 19
-पुलिस प्रेक्षक : 16
-मतदान में लगे कार्मिक-123411
-मतदान कार्य में लगे हल्के वाहन : 6426
-मतदान कार्य में लगे भारी वाहन : 5947
-आदर्श मतदान केंद्र-641
-पिंक बूथ-129।