
हाथरस. उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महामंत्री को संदिग्ध हालत में गोली लगी है। वे घायलावस्था में कमरे में मिले हैं। घायल नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है। भाजयुमो के जिला महामंत्री कृष्णा यादव को रविवार दोपहर को गोली लग गई। सिकंदराराऊ स्थित आवास पर वह घायल अवस्था में मिले थे। प्रारंभिक तौर पर कनपटी के पास गोली लगने की बात सामने आ रही है। परिजन उन्हें अलीगढ़ ले गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही है। गौरतलब है कि कृष्णा यादव गोरक्षा दल में लंबे समय से कार्यरत रहे हैं। करीब छह माह पहले भाजयुमो कार्यकारिणी में जिला महामंत्री बनाया था। पुलिस को रविवार दोपहर में सूचना मिली की कृष्णा यादव को चोट लग गई है। वह गौसगंज सिकंदराराऊ स्थित घर में गंभीर अवस्था में घायल हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक परिजन घोयल को लेकर अलीगढ़ पहुंच गए। पुलिस को ऊपर के कमरे से एक पिस्टल और एक कारतूस का खोला मिला है। ये भी बताया जा रहा है कि कृष्णा की कनपटी के पास गोली लगी है। पुलिस मामले की तह तक जाने में जुट गई है।