
रांची. डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में दोषी ठहराए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को आज सीबीआइ की विशेष अदालत सजा सुनाएगी। दोपहर 12 बजे सजा की घोषणा हो सकती है। लालू यादव के अलावा चारा घोटाला के इस बड़े मामले में 37 अन्य दोषियों को भी सजा सुनाई जाएगी। यादव इस समय रांची रिम्स में उपचाराधीन है। यहां पर होटवार जेल प्रशासन की ओर से उन्हे एक लैपटाप उपलब्ध करा दिया है। इसकी जांच परख कर ली गई है। मोबाइल से ही लैपटाप में इंटरनेट कनेक्टविटी का प्रबंध किया हे। सीबीआइ कोर्ट के विशेष जज एसके शशि सजा सुनाएंगे।
उधर, जेल प्रबंधन ने होटवार जेल में भी पुख्ता प्रबंध कर रखा है। वहां वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में बारी-बारी सभी दोषी पेश किए जाएंगे। जिन्हे अदालत सजा सुनाएगी। दोषी अपनी बात भी जज के समक्ष आनलाइन रख सकते हैं। गौरतलब है कि 15 फरवरी को सीबीआइ अदालत ने इन सभी को चारा घोटला मामले में दोषी ठहराया था। जिन दोषियों को तीन साल से कम सजा सुनाई थी, उन्हे उसी दिन सीबीआइ कोर्ट से जमानत मिल गई थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लालू प्रसाद यादव सहित अन्य दोषियों को तीन साल से ज्यादा सजा मुकर्रर की जा सकती है। 15 फरवरी को अदालत ने 35 जनों को को तीन-तीन साल की सजा सुनाई थी। 24 अभियुक्तों को कोर्ट ने बरी कर दिया था।
यादव को चार मामलों में हो चुकी है पहले सजा
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला के अन्य चार मामलों में सजा हो चुकी है। उनको देवघर कोषागार से अवैध निकासी मामले में 3.5 साल की सजा सुनाई थी। दुमका कोषागार से अवैध राशि की निकासी मामले में उनको 5 साल की सजा हो चुकी है। चाईबासा कोषागार से निकासी के एक मामले में उन्हें 5 साल और इसी कोषागार में दूसरी अवैध निकासी के मामले में उन्हें 7 साल की सजा सुनाई जा चुकी है। लालू प्रसाद यादव अपनी कुल सजा का आधा से अधिक समय जेल में गुजार चुके हैं। इसी आधार पर उन्हें जमानत दी थी। लालू यादव के मामले में आज तस्वीर साफ हो जाएगी। क्योंकि सीबीआइ की विशेष अदालत लालू प्रसाद यादव को डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में कितने साल की सजा सुनाती है।
आज राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से किसी की नहीं होगी मुलाकात
चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव वाया जेल रांची रिम्स में इलाजरत हैं। सोमवार को लालू प्रसाद यादव से किसी की मुलाकात नहीं हो सकती है। जेल प्रशासन आज किसी को उनसे भेंट करने की इजाजत नहीं देगा। इसकी वजह यह बताई जा रही कि आज दोपहर 12:00 बजे सीबीआइ की विशेष अदालत की ओर से सजा का ऐलान होने वाला है।