
चम्पावत. उत्तराखंड में सोमवार रात भीषण हादसे से दिल दहल गया। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर दुर्घटना में मैक्स में सवार 16 में से 14 लोगों की मौत हो गई जबकि हादसे में दो गंभीर घायलों का उपचार चल रहा है। ये हादसा भी बुुड़म से तीन किलोमीटर आगे हुआ। हादसे के बाद शव बुरी तरह से क्षति विक्षत हो गए हैं। जिनकी शिनाख्तगी करने में परेशानी हो रही है। अभी तक सिर्फ दो मृतकों की ही पहचान हो पाई है। इनमें एक राम प्रकाश दूसर त्रिलोक राम है।
जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर की ओर लौट रहे थे। बीती रात 3.20 पर मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मुआयना किया।
सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो घायलों में चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना यह जा रहा है कि मैक्स में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है।
दो घायलों की हुई पहचान
सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुई मैक्स दुर्घटना में घायल दो लोगों की पहचान हो गई है। घायलों में प्रकाश राम (28) पुत्र हरीश राम, निवासी साल विकास खंड पाटी एवं त्रिलोक राम (42) पुत्र टीका राम, निवासी डाडा ककनई शामिल हैं। प्रकाश राम चालक है। मैक्स वाहन भी प्रकाश राम का ही बताया जा रहा है। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मैक्स में 16 लोग सवार थे। जिनमें से 13 शवों को बरामद कर लिए जाने की खबर है। पुलिस और स्थानीय लोग खाई में अभी भी रेसक्यू अभियान चला रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शवों का पोस्टमार्टम मौके पर ही किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। खाई से मिले शवों की पहचान करने में अभी कुछ घंटों का वक्त और लग सकता है।