
कीव. रुस की ओर से यूक्रेन पर आक्रमण को लगातार तेज किया जा रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की सेना यूक्रेन पर कब्जा करने के करीब पहुंच गई है। इधर पुतिन ने अन्य देशों को धमकी दे डाली है कि कोई भी बीच में न पड़े नहीं तो उसे भी अंजाम भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने अमेरिका सहित सभी देशों को चेताते हुए कहा कि हमारे पास परमाणु हथियार हैं जो हम जरूरत पडऩे पर चला सकते हैं। गौरतलब है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थानीय समयानुसार शुक्रवार शाम को एक बार फिर तोपों की गरज सुनाई दी। जंग के तीसरे दिन रूस के सैनिक राजधानी कीव के काफी करीब पहुंच चुके हैं। देश फिलहाल दहशत में है। इधर विकट स्थितियों को ध्यान में रखते हुए आखिरकार यूक्रेन ने समझौते का मन बना लिया है। दूसरी ओर यूएनएससी में यूक्रेन में रूस के सैन्य कार्रवाई पर वोटिंग हुई। जिससे भारत और चीन ने खुद को दूर रखा।
देश छोड़कर नहीं गए राष्ट्रपति जेलेन्सकी
राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर इस बात की पुष्टि की वे रूस का सामना करने के लिए कीव में डटे हैं, देश को अकेला छोड़ कहीं नहीं गए हैं। राष्ट्रपति ने ट्वीट कर बताया कि उन्हें पिछले कुछ घंटों में विदेशी नागरिकों ने इमेल भेजे हैं और पूछा हे कि यूक्रेन के लिए जंग में वे कैसे मदद कर सकते हैं। साथ ही कुछ सुझाव दिए हैं। जेलेन्सकी ने कहा कि मेल भेजने वालों में अधिकांश रिटायर्ड मिलिट्री हैं।
यूक्रेन के विदेश मंत्री ने भारत से लगाई युद्ध रुकवाने की गुहार
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने शुक्रवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बात की। उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियानों को समाप्त करने के लिए रूस के साथ भारत के संबंधों के प्रभाव का उपयोग करने का आग्रह किया। कुलेबा ने भारत से एक अस्थायी यूएनएससी सदस्य के रूप में भी यूक्रेन में शांति बहाल करने पर मसौदा प्रस्ताव का समर्थन करने का भी आग्रह किया।
भारतीयों को निकालने के लिए 3 टीम गठित
यूक्रेन संकट के बीच भारतीय छात्रों को निकालने के लिए सरकार कोशिश कर रही है। इधर, पोलैंड में भारत की राजदूत नगमा मलिक ने बताया कि दूतावास ने तीन टीमों का गठन किया है जो भारतीय छात्रों को स्थानांतरित करने में सहायता करेगी। इन टीमों में से एक लविवि में है। सभी छात्रों के लिए पोलैंड की सरकार यात्रा को आसान बनाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है।
सीजफायर पर बात करने को तैयार है यूक्रेन
यूके्रन के राष्ट्रपति जेलेन्सकी के प्रवक्ता ने कहा है कि आज रात रूस राजधानी कीव को दहलाने की कोशिश कर सकता है। अब यूके्रन सीजफायर व शांति के लिए सहमत है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रवक्ता सर्गी नाइकाइफोरोव ने कहा कि बातचीत के लिए समय और स्थान के चुनाव को लेकर रूस व यूके्रन के बीच वार्ता जारी है। उन्होंने कहा, ‘यूके्रन सीजफायर के बारे में बातचीत के लिए तैयार है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने तो यहां तक कह दिया कि अब उनकी सेनाएं चार दिन तक ही राजधानी कीव को बचा पाएंगी, क्योंकि कब्जे की लड़ाई उसके नजदीक आ गई है।
