

कीव/मॉस्को. रूस की सेना तेजी के साथ कीव की ओर बढ़ रही है। वह किसी भी वक्त कीव पर कब्जा कर सकती है। क्योंकि बीते तीन दिनों में रूस ने यूके्रन को चारों तरफ से घेरकर हमला कर दिया है। ऐसे में यूके्रन की सेना को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया है। इधर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने चिंता जाहिर की है कि रूसी सेना की ओर से कीव पर कब्जे किए जाने का खतरा मंडराने लगा है। इसलिए आज की रात हमारे लिए सबसे कठिन होने वाली है, लेकिन हमें खड़े रहना होगा। चर्चा है कि जेलेंस्की को अमेरिका की तरफ से यूक्रेन छोडऩे का प्रस्ताव मिला था। लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।
यहां लगाया फेसबुक का बैन
सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने एलान किया है कि उसके किसी भी प्लेटफार्म पर अब रूस की सरकारी मीडिया के एडवर्टाइजमेंट नहीं दिखेंगे। कंपनी की सुरक्षा नीति के प्रमुख नैथेनियल ग्लेइशर ने कहा कि हमने रूस के बाकी मीडिया समूहों को चिह्नित करना भी शुरू किया है। ये बदलाव भी पूरे हफ्ते लागू रहेंगे।
रोमानिया के बुखारेस्ट पहुंचा एयर इंडिया का विमान
यूक्रेन पर जारी हमलों के बीच भारत ने अपने नागरिकों को निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं। एयर इंडिया का एक रेस्क्यू विमान शनिवार सुबह रोमानिया के बुखारेस्ट पर पहुंच चुका है। यह विमान रूस की सीमा तक पहुंचने वाले भारतीयों को लेकर वापस आएगा।
भारतीय दूतावास ने की अपील- बिना बताए सीमाई इलाकों में ना जाएं
इधर यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के प्रयासों के बीच यूके्रन में भारतीय दूतावास ने नागरिकों से उसके अधिकारियों के साथ समन्वय के बिना सीमा चौकियों पर नहीं जाने को कहा है। भारतीय दूतावास ने कहा, सीमा जांच चौकियों पर स्थिति संवेदनशील है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए हम पड़ोसी देशों में हमारे दूतावासों के साथ काम कर रहे हैं। उसने कहा हमारे लिए उन भारतीयों को निकालना मुश्किल हो रहा है जो बिना सूचना सीमा जांच चौकियों पर पहुंचे हैं। जो भारतीय नागरिक पूर्वी क्षेत्र में हैं, उनसे आगामी निर्देश तक निवास पर रही रहने का अनुरोध किया है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा कि वे अनावश्यक गतिविधि से बचें और पूर्णत सावधानी बरतें। अपने आसपास की घटनाओं और हाल के घटनाक्रम को लेकर चौकन्ना रहें।
यूक्रेन ने मार गिराए रूस के दो सैन्य परिवहन विमान
रूस के दूसरे इल्युशीन 1 आई-76 सैन्य परिवहन विमान को बिला सेरकवा के निकट मार गिराया। यह स्थान राजधानी कीव से 85 किमी दक्षिण में है। यूक्रेन में जमीनी हकीकत पर निगाह रखने वाले दो अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को यूक्रेन की सेना ने कहा था कि उसने रूस के सैन्य परिवहन विमान को मार गिराया है। सेना के जनरल स्टाफ की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार पहले 1आई-76 भारी परिवहन विमान को कीव के दक्षिण में स्थित शहर वासेकीव के निकट मार गिराया गया। रूसी सेना ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है और इस खबर की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ठुकराया यूके्रन छोडऩे का प्रस्ताव
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को अमेरिकी सरकार ने राजधानी कीव से निकलने को कहा था, लेकिन जेलेंस्की ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। अमेरिका के खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यूके्रनी राष्ट्रपति ने कहा यहां युद्ध चल रहा है। मुझे गोला बारूद चाहिए, यात्रा नहीं। इसे लेकर अमेरिकी अधिकारी ने जेलेंस्की को जोशीला व्यक्ति बताया।