
रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग चौथे दिन भी जारी रही। रूस की ओर से यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। वहीं यूक्रेन भी मैदान में ताल ठोके हुए हैं। वह रूस के हमलों का बराबर जवाब दे रहा है। पहले यूक्रेन दुनिया से मदद की गुहार भी कर चुका था। इसके बाद अब कई देश यूक्रेन की मदद को आगे आने लगे हैं। इधर रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंध लगाने और बातचीत के लिए दबाव बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। कई देशों की ओर से तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने की मांग की गई लेकिन रूस कोई बात मानने को तैयार नहीं है। इधर रूस ने खारकीव में गैस पाइपलाइन को उड़ा दिया है। वहीं यूएन ने ये भी दावा किया है कि हमले में यूक्रेन में 240 मरे हैं। वास्तविक आंकड़े अधिक हैं, क्योंकि हताहतों की कई रिपोर्टों की पुष्टि की जानी बाकी है।
तुर्की की मध्यस्थता के प्रस्ताव का स्वागत
एपी की खबर के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि वह रूस के साथ बातचीत के लिए तुर्की और अजरबाइजान के मध्यस्थता प्रस्ताव का स्वागत करते हैं।