
नई दिल्ली. रूसी की ओर से यूक्रेन पर किए जा रहे हमले से हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। दोनों देशों की ओर से बमबारी की जा रही है। इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को बाहर निकालने के लिए भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन गंगा अभियान के माध्यम से भारतीय छात्रों की वतन वापसी की जा रही है। बीते 24 घंटों में भारत के लिए छह उड़ानें रवाना हुई हैं। आपरेशन गंगा के तहत भारतीयों को जमीनी सीमा चौकियों के जरिए यूक्रेन से निकलने के बाद रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया से हवाई रास्ते से स्वदेश लाया जा रहा है। अब तक कुल 3500 से अधिक नागरिकों की वतन वापसी हो चुकी है।
17 हजार भारतीय यूक्रेन सीमा पार पहुंचे
सरकार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद से कुल 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं। अब करीब 3000 छात्र यूक्रेन में फंसे हैं। सरकार का कहना है कि उसने 1 से 3 मार्च तक 26 फ्लाईट चलाने की योजना बनाई हुई है। जिसके तहत कुल 5500 भारतीयों को स्वदेश वापस लाया जाएगा।
आज रोमानिया से 200 भारतीय आए वापस
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वतन वापस लाने का काम जोरों पर है। आज 200 भारतीय नागरिक भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान से वतन वापस लौटे हैं। ये विमान बुधवार सुबह 4 बजे हिंडन एयरबेस से रोमानिया के लिए रवाना हुआ था।
आज कुल आठ अतिरिक्त उड़ानें उड़ान भरेंगी
इंडियन एयरफोर्स ने भी इस अभियान का मोर्चा संभाल लिया है। आइएएफ ने अब तक 4 उड़ानें यूक्रेन से लोगों को वापस लाने के लिए शुरू की हैं। दूसरी ओर इंडिगो 20 उड़ानें संचालित कर रहा है। इन 20 उड़ानों में से छह उड़ानें 1300 से अधिक भारतीय नागरिकों को वापस ला चुकीं हैं। भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए आज कुल आठ अतिरिक्त उड़ानें उड़ान भरेंगी। एयरलाइन इन उड़ानों को सभी सुरक्षा नियमों के तहत ए 321 विमानों पर संचालित कर रही है। इन उड़ानों को सरकार की ओर से आपरेशन गंगा के हिस्से के रूप में संचालित किया जा रहा है।