
नई दिल्ली, एएनआइ. देश में आज कोरोना पॉजिटिव के मामलों में कमी नजर आई है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 5,476 नए मामले सामने आए हैं। कल यानी शनिवार को यह आंकड़ा 5,921 था। मौत के आंकड़ों में कई दिनों बाद बड़ी कमी नजर आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना से 158 लोगों की मौत हुई। कल के मुकाबले आज 131 कम मौत दर्ज की गई है। कल 289 लोगों की मौत हुई थी।
60 हजार से कम हुए एक्टिव केस
देश में कुल कोरोना मामलों की बात की जाए तो यह आंकड़ा 4,29,62,953 पर आ गया है। इस बीच अब एक्टिव केस भी घटकर 59,442 हो गए है। हालांकि रिकवरी में मामूली कमी है। लेकिन 24 घंटे में 9,754 रिकवरी हुई है जिसके बाद कुल रिकवरी का आंकड़ा 4,23,88,475 पहुंच गया है।
26 लाख से ज्यादा को लगी वैक्सीन
कोरोना मामलों में कमी के बावजूद वैक्सीनेशन अभियान जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान 26 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीनेशन की डोज लगी है। वैक्सीनेशन की इसी रफ्तार के चलते अब कुल डोज का आंकड़ा 1,78,83,79,249 पर पहुंच गया है।