
लखनऊ. उत्तरप्रदेश के सियासी सूबे में एक लंबे अंतराल के बाद भाजपा लगातार दुबारा सत्ता में आने में कामयाब रही। बाबा का जादू चला और विरोधियों के हौसले पस्त हो गए। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18वीं विधानसभा के गठन से पहले अपना इस्तीफा देंगे। भाजपा ने अब सरका बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। योगी आदित्यनाथ सरकार का कार्यकाल 15 मार्च तक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले पद से इस्तीफा देंगे। इसके बाद विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इधर उनके सरकारी आवास पर शासन के कई अधिकारियों के साथ राजभवन के अधिकारी भी पहुंचे हैं। फिलहाल शुक्रवार को वह अपने सरकारी आवास पर ही रहेंगे। इसी दौरान अपना दल (सोनेलाल) की मुखिया अनुप्रिया पटेल मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पहुंचीं और सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट की। उनकी पार्टी के 12 विधायक जीते हैं।
योगी का दिल्ली जाने का कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ का उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन के नेताओं के साथ नई दिल्ली जाने का कार्यक्रम भी है। जहां पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक होगी। इसी बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के गठन के साथ ही मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नई दिल्ली से लौटने के बाद लखनऊ में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली जाएगी। मुख्यमंत्री के साथ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे।
भाजपा सबसे बड़ा दल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम आने के बाद भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल कर सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई है। आपको बता दें कि प्रदेश में 80 के दशक के बाद से ऐसा कई दशकों से ये संभव नहीं हुआ था कि कोई भी पार्टी लगातार दो बार यूपी की सत्ता में वापसी करे।
बैठकों का दौर शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल तथा अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के शपथ ग्रहण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा के साथ अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।
सरकार बनाने की प्रक्रिया पर विचार
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली जाने से पहले तैयारी कर लेंगे। अब दिल्ली में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अगले चरण यानी सरकार बनाने की प्रक्रिया पर विचार करेगा। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा अमित शाह के साथ राजनाथ सिंह भी रहेंगे। ये बैठक भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इनके साथ संगठन से जुड़े दभी बड़े पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।