
लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा की ताजपोशी की तैयारी में लगे हैं। वह आज दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ पीएम नरेन्द्र मोदी से भी भेंट करने पहुंचे हैं। योगी का प्रवास दिल्ली में दो दिन का माना जा रहा है। पीएम नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ आज दिल्ली की बैठक में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख के साथ नए मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों तथा डिप्टी सीएम के नाम तय किए जाएंगे। इस मिशन के लिए भी योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में शनिवार को होमवर्क किया। योगी रविवार को करीब नौ बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर लैंड करने के बाद नई दिल्ली के यूपी सदन पहुंचे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ का दिन में एक बजे बीएल संतोष से मिलने का कार्यक्रम है। तीन बजे वह उप राष्ट्रपति एम.वैंकैया नायूड से मुलाकात करेंगे। शाम पांच बजे वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी भेंट करेंगे। इसके बाद शाम छह बजे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर रात आठ बजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिलेंगे। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तथा संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री तथा अन्य मंत्रियों के शपथ की तारीख तय की जाएगी। इतना ही नहीं प्रदेश में दो उप मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट मंत्रियों के नाम पर भी मुहर लगेगी।
भाजपा का फोकस अब 2024
उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल के गठन के साथ ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का पूरा फोकस 2024 के लोकसभा चुनाव पर होगा। उत्तर प्रदेश के 80 सांसद देश की सरकार की दिशा तथा दशा तय करते हैं। प्रदेश में भाजपा की लगातार दूसरी सरकार के गठन के दौरान भी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जातीय तथा क्षेत्रीय संतुलन पर जोर देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा महामंत्री संगठन सुनील बंसल की राय पर भी ध्यान दिया जाएगा।
चर्चा का विषय नया मंत्रिमंडल
अब प्रदेश में नये मंत्रिमंडल को लेकर सियासी गलियारों में जोरदार चर्चाएं हैं। इनमें सबसे अधिक चर्चा का विषय प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का पद है। इसके साथ ही पिछली सरकार के कैबिनेट, स्वतंत्र प्रभार तथा राज्य मंत्रियों के कद का भी आंकलन किया जा रहा है। 11 मंत्रियों तथा उप मुख्यमंत्री के चुनाव हारने के बाद कम से कम डेढ़ दर्जन नए विधायक मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें भाजपा के साथ सहयोगी दल निषाद पार्टी तथा अपना दल भी शामिल हैं। इनमें से एक-एक कैबिनेट मंत्री तथा अन्य स्वतंत्र प्रभार तथा राज्य मंत्री भी बनेंगे।
होली बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण
उत्तर प्रदेश में नई सरकार का शपथ ग्रहण अब होली के बाद होगा। 2017 में योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च को सीएम के रूप में शपथ ली थी। नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख के साथ संगठन में प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल के स्वरूप पर विमर्श शुरू हो गया है। मंत्रिमंडल गठन को लेकर कोई भी निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के साथ विचार-मंथन में सहमति-स्वीकृति के आधार पर ही लिया जाना है।
उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन के साथ होमवर्क
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली इस बैठक में जाने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर शनिवार को भाजपा के प्रदेश नेतृत्व तथा संगठन के पदाधिकारियों के साथ होमवर्क किया।