
चंडीगढ़. पंजाब सूबे की सियासत में भाजपा और कांग्रेस को जबरदस्त पटखनी देेते हुए सबसे बड़े दल के रूप में उभरी आम आदमी पार्टी अब सरकार बनाएगी। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। आज यानी बुधवार को भगवंतसिंह मान नवांशहर के खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मान अकेले शपथ लेंगे। सूत्रों के हवाले से ये भी बताया जा रहा है कि उनके मंत्री 19 मार्च को शपथ लेंगे। भगवंत मान शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह प्रदेश के 26वें मुख्यमंत्री होंगे, हालांकि पंजाब पुनर्गठन (1966) के बाद वह 19वें मुख्यमंत्री होंगे। विभिन्न जिलों से लोगों को भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में लाने के लिए दो हजार बसों का भी प्रबंध किया है। समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की पूरी कैबिनेट नवांशहर के खटकड़ कलां पहुंचेगी। गोवा से दो विधायक, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार और उत्तराखंड से भी आम आदमी पार्टी के नेताओं को इस शपथ समारोह में आमंत्रित किया है।
भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने के बारे में पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उनके आने के बारे में पूछा जा रहा है लेकिन अभी तक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को छोड़कर किसी की कन्फर्मेशन नहीं आई है।
कैबिनेट का विस्तार 19 मार्च को होगा
भगवंत मान को आज दिन में 12.10 बजे राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद सभी विधायकों को 17 मार्च को विधानसभा में शपथ दिलाई जाएगी। 19 मार्च को कैबिनेट के अन्य मंत्रियों को राजभवन में बनाए गए गुरु नानक आडिटोरियम में शपथ दिलाई जाएंगी। हालांकि इसका समय अभी तय नहीं हुआ है।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री की शपथ के बाद भगवंत मान सीनियर अधिकारियों के साथ मीटिंग में कैबिनेट के मंत्रियों के शपथ ग्रहण सहित अन्य कुछ मुद्दों पर फैसला लेंगे। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के संबंध में राजभवन को मौखिक तौर पर सूचित कर दिया है। 17 मार्च को आडिटोरियम में अधिकारियों से मीटिंग होगी। आडिटोरियम में होने वाला यह पहला समारोह है, जिसका हाल ही में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने उद्घाटन किया था।
