Russia-ukrain War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज 30वां दिन है। यानी इस जंग को पूरा एक महिना हो गया है। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच जंग जारी है। उन्हे हल का कोई रास्ता भी नजर नहीं आ रहा है। इधर यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस 9 मई तक युद्ध जारी रखेगा, उसके बाद ही इसे खत्म किया जाएगा। इस महायुद्ध में प्रतिदिन जान-माल का काफी नुकसान हो रहा है। सैनिक मारे जा रहे हैं, आम लोग महिलाएं-बच्चे सबकी मौत हो रही है। इस विनाशकारी युद्ध का आगे क्या परिणाम होगा, कोई नहीं जानता। रूस पर लगाम लगाने के लिए नाटो देशों की बुधवार को ब्रशेल्स में बैठक हुई है। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस को लेकर साफ कहा कि अगर रूस ने यूक्रेन पर रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया तो अब हम भी इसका जवाब देंगे। इसके साथ ही बाइडेन ने चीन को भी चेतावनी दी, कहा कि अगर इस युद्ध में उसने रूस की मदद करने की कोशिश की तो उसे भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
रूस ने यूक्रेन के शहर खारकीव के पूर्व में कल रातभर गोलाबारी की। रातभर आसमान में आग के गोले नजर आए। चार रूसी एजेंटों को संयुक्त राज्य अमेरिका में एक अमेरिकी परमाणु ऊर्जा ऑपरेटर सहित दुनिया भर के ऊर्जा क्षेत्र को लक्षित हैकिंग हमलों के लिए आरोपित किया है। ये बात न्याय विभाग ने गुरुवार को कही। राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने गुरुवार को यूक्रेन में रूसी हमले के खिलाफ नाटो शिखर सम्मेलन में पश्चिमी सहयोगियों से रूस के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया, जिसमें सैन्य सहायता के वादे और अंतरराष्ट्रीय जी 20 निकाय से मास्को को निकालने की भी बात कही।
