रोहतक. 7 डॉक्टरों के पैनल ने करीब 21 घंटे बाबा को निरीक्षण में रखा और फिर वापस जेल भेज दिया। ये वही बाबा है जो दो साध्वियों से दुष्कर्म और एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। इनका नाम है राम रहीम। जिन्हे अस्पताल से वापस जेल भेज दिया गया है। इस दौरान बाबा का कोरोना टेस्ट भी नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि बाबा ने अस्पताल में रहने के दौरान बार-बार हनीप्रीत और परिवार से मिलाने की बात कहता रहा। आपको बता दें कि राम रहीम को बुधवार देर रात ब्लड प्रेशर की समस्या के कारण रोहतक पीजीआई लेज जाया गया था। जेल प्रशासन के अनुसार बाबा को घबराहट, बेचैनी बढऩे सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हुईं। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा में सुनारिया जेल से पीजीआई लाया गया। बुधवार सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक बाबा का जेल अस्पताल में ही इलाज किया गया। फिर पीजीआई ले जाया गया था।
गुरुग्राम हॉस्पिटल का वीडियो भी वायरल हुआ था
जनवरी में राम रहीम का गुडग़ांव के एक अस्पताल में जाने का वीडियो वायरल हुआ था। वहां राम रहीम की मां भर्ती थीं। वह उनका हालचाल जानने के लिए गया था। बाद में सरकार ने भी उसके जेल से बाहर जाने की पुष्टि की थी।
2017 से काट रहा सजा
गुरमीत राम रहीम को साध्वी के दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा मिली है। उसे 25 अगस्त 2017 को पंचकूला की अदालत में पेश किया गया था। इस मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने दोषी करार देते हुए गुरमीत को सुनारियां जिला जेल में भेज दिया था।
बाबा कई पैरोल की अर्जी लगा चुका
27 अगस्त को जेल में ही सीबीआई की अदालत लगाई गई। इस दिन सजा तय होने के बाद से राम रहीम जेल में है। वह कई बार पैरोल के लिए अर्जी लगा चुका है, लेकिन हर बार खारिज हो गई। बीते दिनों उसने पैरोल अर्जी लगाई थी। जिस पर अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है।
