नई दिल्ली. मुंडका भीषण आग हादसे में 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई । हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान तानिया भूषण, मोहिनी पाल, यशोदा देवी, रंजू देवी, विशाल मिथलेश और दृष्टि के रूप में हुई है। अन्य मृतकों के शवों के शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। 29 लोग लापता है। इनमें 24 महिलाएं व 5 पुरुष शामिल होना बताया जा रहा है। मुंडका आग हादसे में घायल व मृतकों के स्वजनों से मिलने के लिए शनिवार को सांसद हंसराज हंस, संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। यहां महिला ने सांसद से अपनी बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई। शीलू नाम की महिला मुंडका में भीषण आग हादसे की सूचना पर शुक्रवार रात ट्रेन से दिल्ली पहुंची, जहां पर अपने बेटी को तलाश के लिए इधर-उधर भटक रही है। पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों व पीडि़त लोगों से बातचीत की। शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुंडका अग्निकांड की जानकारी लेने घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। करीब 10 मिनट तक वह अधिकारियों व पीडि़तों से बात करते रहे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने मुंडका अग्निकांड हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मेयर व अन्य विभागों के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
डीएनए के जरिए करेंगे मृतकों की पहचान
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि घटना में कुछ शव काफी क्षत विक्षत हो गए हैं। उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। ऐसे शवों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम डीएनए के जरिए, मृतकों के परिजन की पहचान करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने मौके पर हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। हादसे में घायल होने वालों के लिए 50 हजार रुपए का मुआवजे का ऐलान किया है। इसके बाद मुख्यमंत्री मंगोलपुरी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। मंडका आग भीषण हादसे में 27 लोगों ने अपनी जान गंवा दी और दर्जन भर लोग घायल भी हुए हैं घायलों दिल्ली के कई अस्पतालों में इलाज चल रहा है इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
शवों को तलाश् रही एनडीआरएफ की टीम
बाहरी जिला पुलिस डीसीपी समीर शर्मा का कहना है कि अभी एनडीआरएफ की टीम जगह की सफाई कर रही है और देख रही है कि वहां कोई है तो नहीं। अभी तक हमें 27 शव मिले। जिसमें 25 की पहचान नहीं हुई है। गायब 29 लोगों की लिस्ट जारी हो गई है।
30 अधिक से दकम कल की गाडिय़ों ने बुझाई आग
दरअसल, मुडंका की आग बुझाने के लिए 30 से अधिक दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची थी और देर रात तक आग बुझाने का प्रयास किया गया। लोगों की मदद के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके प र पहुंची थी। शनिवार सुबह आग पर काबू पा लिया गया। मुडंका की आग बुझाने के लिए 30 से अधिक दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची थी।
सिविल डिफेंस ने भी जारी किया हेल्पलाइन नंबर
वहीं, दिल्ली सिविल डिफेंस से सुनील कुमार ने बताया कि मुंडका अग्निकांड भीषण हादसा है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक 29 लोग गायब हैं, जिसमें 5 पुरुष और 24 महिलाएं हैं। हम गायब लोगों की पूरी जानकारी ले रहे हैं। हमने लोगों को हेल्पलाइन नंबर दिया है। कोई भी जानकारी आने पर उनको तत्काल सूचित किया जाएगा। हालांकि दमकल और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 50 से अधिक लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। पुलिस ने कंपनी के संचालक हरीश गोयल और वरुण गोयल को हिरासत में ले लिया है। इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा से भी पूछताछ करने का सिलसिला जारी है।
