गुवाहाटी, एएनआई. असम में लगातार हो रही बारिश से दीमा हसाओ के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। असानी चक्रवात के आने के बाद से असम में लगातार बारिश का दौर जारी है। जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है। बारिश और जलभराव से हजारों लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार लगातार बारिश से दीमा हसाओ जिले के 12 गांवों से अब तक भूस्खलन के समाचार मिले हैं। हाफलोंग इलाके में करीब 80 घर प्रभावित हो गए। दीमा हसाओ जिले के हाफलोंग इलाके में भूस्खलन से एक महिला सहित तीन की मौत हो गई है। भारतीय सेना के जवानों ने कल रात कछार जिले के बालिचरा और बरखोला के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान चलाया है। असम के होजई में लगातार बारिश के बाद आई बाढ़ से सड़कें, पुल और कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। दीमा हसाओ में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई रिहायशी तथा वाणिज्यिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। असम के दीमा हसाओ जिले के हाफलोंग इलाके में मूसलाधार बारिश से सड़क का एक हिस्सा बह गया। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि अब तक छह जिलों- कछार, धेमाजी, होजई, कार्बी आंगलोंग पश्चिम, नगांव और कामरूप (मेट्रो) के 94 गांवों के कुल 24,681 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
कई ट्रेन सेवाएं हुई प्रभावित
पिछले कुछ दिनों में लगातार बारिश से जिले में भूस्खलन की कई घटनाएं हुई हैं, जिससे माईबांग और माहूर के बीच रेल मार्ग प्रभावित हुए हैं। ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर खंड में कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रेलवे के मुताबिक लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग-बदरपुर खंड में कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। भारी बारिश से हुए भूस्खलन के चलते लुमडिंग मंडल के लुमडिंग-बदरपुर पर्वतीय खंड के अनेक हिस्सों में जलभराव को देखते हुए कई ट्रेन रद्द अथवा आंशिक तौर पर रद्द कर दी गई हैं।
#WATCH Torrential rains washed away a portion of a road in the Haflong area in Assam's Dima Hasao district pic.twitter.com/SLZdo1O07B
— ANI (@ANI) May 15, 2022
असम और मेघालय में ऑरेंज अलर्ट जारी
बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने 15 तारीख तक असम के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई तक असम, मेघालय और अरुणाचल में भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में दक्षिण पश्चिम हवाओं का एक बड़ा असर निचले क्षोभमंडल पर देखने को मिल रहा है। तेलंगाना, अरुणाचल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अगले पांच दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम और मेघालय में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
#WATCH असम: लगातार बारिश के बाद दीमा हसाओ के कई इलाकों में बाढ़ के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। pic.twitter.com/o3T1sI7Hrn
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 15, 2022
केरल में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अरब सागर में तेज पछुआ हवाओं के कारण केरल में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। केरल के छह जिलों में आईएमडी द्वारा 15 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की भविष्यवाणी के मद्देनजर राज्य ने सभी जिलों में आवश्यक व्यवस्था की है। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों की बैठक बुलाकर जिला कलेक्टरों को पुख्ता तैयारी के निर्देश दिए हैं। बाढ़ प्रभावित स्थानों के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष शुरू किया है। भूस्खलन और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दूसरे स्थान पहुंचाने और भोजन, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए यदि आवश्यक हो तो शिविर शुरू करने का निर्देश दिया है। जलजमाव वाले क्षेत्रों से पानी पंप करने की भी व्यवस्था की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से कहा है कि वे पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने से बचें और पर्यटक जहां हैं वहीं रहें और यात्रा करने से बचें। केंद्रीय मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि मानसून आज दक्षिणी अंडमान सागर, निकोबार द्वीप समूह और दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी में पहुंचेगा।
