जयपुर. प्रदेश के विकास के लिए महिलाओं का आर्थिक दृष्टि से मजबूत होना जरूरी है। महिलाओं के आत्मनिर्भर एवं सशक्त होने से परिवार, समाज, प्रदेश एवं देश त्वरित गति से प्रगति कर सकेगा। यह बात ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के मंत्री रमेशचंद मीना ने गुरूवार को टोंक जिला मुख्यालय के गांधी खेल मैदान में आयोजित राजीविका के समूह सम्बल संवाद कार्यक्रम के दौरान कही। मीना ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों का उद्देश्य यह है कि महिलाओं को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत किया जाए। आत्मनिर्भर महिला सशक्त फैसले ले पाती है। राजीविका से जिले की अधिक से अधिक महिलाएं जुडं़े, इसके लिए विभाग को और प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि समूह में समानता लाने के लिए यथा संभव गरीब महिलाओं का समूह बनाया जाए। जिसकी अध्यक्ष वही महिला बने जो गरीब व वंचित तथा विकास की मुख्य धारा से अलग हो। इससे वह महिला खुलकर अपनी समस्या रख सकेगी। तभी इन योजनाओं का लाभ गरीब महिलाओं को मिल सकेगा।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि राजीविका की महिलाएं भी सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सर्वे करने के साथ धरातल पर जाकर विकास कार्यो को देखेंगी। इसके लिए उन्हें पैसा भी मिलेगा। जिससे महिलाओं को काम मिलेगा। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए हाट बाजार शुरू किए जा?ंगे। जिससे महिलाओं को उत्पादों की बिक्री के लिए प्लेटफार्म मिलेगा। श्री मीना ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा की है कि महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए सरकारी की योजनाओं में जारी कई काम राजीविका समूह की महिलाओं से कराए जाएं। उन्होने कहा कि सरकार का प्रयास तभी साकार होगा, जब राजीविका समूह की सभी महिलाओं की आय 5-10 हजार रूपए प्रति महिना से अधिक होगी। मीना ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा करीब 900 करोड़ रूपए की राशि से राज्य स्तर पर महिला बैंक बनाया जा रहा है। इसका संचालन मैनेजर से कर्मचारी तक केवल महिलाएं ही करेंगी। इसके बाद जिला स्तर पर भी ऐसे ही बैंको की स्थापना का प्रयास किया जाएगा। अच्छा काम करने वाले राजीविका समूहों को राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित किया जाएगा। इनका एक सम्मेलन राज्य स्तर पर भी किया जाएगा। मीना ने कहा कि उनका प्रयास है कि राजीविका समूहों द्वारा निर्मित सभी उत्पादों को राज प्रोडक्ट ब्रांडिंग से बाजार में उतारा जाए। इससे उनकी शुद्धता को लेकर भरोसा बढेगा, साथ ही आय में भी वृद्धि होगी।
मीना ने किया महिलाओं से वन-टू-वन संवाद
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री रमेश चंद मीना ने राजीविका की महिलाओं से वन-टू-वन संवाद किया। उन्होंने कहा कि समूह से जुडऩे के बाद जिन महिलाओं की आय कम से कम 10 हजार अथवा 5 हजार से अधिक हो वे मंच पर आकर बताएं। इस पर कई महिलाओं ने मंच पर आकर अपनी सफलता की कहानी अपने शब्दों में बया की।
राज्य मिशन निदेशक ने किया प्रेरित
राज्य मिशन निदेशक राजीविका मंजू राजपाल ने राजीविका समूहों की महिलाओं को सम्बोधित करते हुए उन्हें और आगे बढऩे में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासो की जानकारी दी। उन्होंने राजीविका की महिलाओं को सुरक्षा सखी योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में जुडऩे का आहवान किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
