जयपुर. सूचना एवं जनसम्पर्क राज्य मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि उन्नत तकनीक के उपयोग से ही औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उद्यमियों को ज्यादा से ज्यादा नई तकनीक को बढ़ावा देना चाहिए। जिससे प्रदेश देश-विदेश में अपनी पहचान बना सके। चांदना ने रविवार को अजमेर जिले के किशनगढ़ मार्बल मंडी क्षेत्र के रहीमपुरा गांव में जेबीके मार्बल व ग्रेनाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने जेबीके परिसर का अवलोकन कर यहां लगाई गई आधुनिक मशीनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
सूचना एवं जनसम्पर्क राज्य मंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक है कि नई और अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। आज पूरे विश्व में मार्बल और ग्रेनाइट से सम्बंधित नई तकनीक काम में ली जा रही है। इन तकनीकों के उपयोग से मार्बल क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मार्बल और ग्रेनाइट के क्षेत्र में किशनगढ़ मंडी का विशिष्ट स्थान है।
चांदना ने कहा कि राजस्थान खेलों के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहा है। राजस्थान सरकार की नई खेल नीति ने प्रदेश में खेलों का नया माहौल तैयार किया है। खेलों से सरकारी नौकरी को जोड़ा गया है। देश-विदेश में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी जा रही है। सैंकडों खिलाडिय़ों को इसका फायदा मिला है। साथ ही राज्य सरकार ने नकद व अन्य कई प्रोत्साहन के जरिए भी खेलों को बढ़ावा दिया है। स्टेट गेम्स ने खेलों के प्रति एक नया जोश पैदा किया है। आने वाले दिनों में होने वाले ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को एक नया मंच उपलब्ध कराएंगे।
