झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को एनडीए से राष्ट्रपति पद के लिए चुना लिया गया है। मुर्मू आज दोपहर 12 बजे संसद भवन में पर्चा दाखिल करेंगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित एनडीए गठबंधन के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक बने हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा यह मेरा परम सौभाग्य है कि भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में फस्र्ट सेकेंडर (प्रथम समर्थक) के रूप में हस्ताक्षर करने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस पार्टी ने समर्थन का किया ऐलान
राष्ट्रपति चुनाव के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही है। हालांकि आज वे नामांकन के दौरान दिल्ली में उपस्थित नहीं रहेंगे। उनके स्थान पर उनकी पार्टी से राज्यसभा सांसद विजय साई रेड्डी और पार्टी नेता मिधुन रेड्डी मौजूद रहेंगे। यही नहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है।
कब होगा चुनाव
बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 29 जून नामांकन की अंतिम तारीख है। देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होना है। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी। द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
