बिहार. प्रदेश में मंगलवार को कोविड संक्रमितों के बढ़े आंकड़े ने लोगों को चिंतित कर दिया है। 141 दिनों बाद राज्य में कोरोना के 211 मरीज पॉजिटिव आए हैं। यही नहीं राजधानी पटना भी चिंता बढ़ा रही है। जहां करीब 148 दिन बाद 124 संक्रमित सामने आए हैं। यह इस साल पहली बार है। जब रोजाना मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसी के साथ राज्य में एक्टिव मरीजों की तादाद बढ़कर 774 हो गई है। अगर पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो इसमें भी मामूली इजाफा देखने को मिला है।
पटना के बेउर जेल के 37 कैदी कोरोना पॉजिटिव
राजधानी पटना स्थित बेउर केंद्रीय कारा के 37 कैदी कोविड से संक्रमित मिले हैं। बेउर जेल अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह पूर्व विधायक एक कैदी के संक्रमित होने के बाद सामूहिक जांच का आदेश दिया था। उन्होंने बताया पूर्व विधायक रणवीर यादव का रैपिड एंटीजन जांच में संक्रमित पाए जाने पर बेउर जेल के सभी कैदियों की जांच के आदेश दिये थे। इन कैदियों में से 37 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
देश में कोरोना के कितने मरीज
अगर देश की बात करें तो मंगलवार को भारत में एक दिन में कोविड-19 के 11793 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 34 लाख 18 हजार 839 हो गई। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 96,700 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 27 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5 लाख 25 हजार 47 हो गई है। देश में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 96 हजार 700 हो गई है।
