गुजरात. गुजरात सहित आधे भारत में भारी बारिश का दौर जारी है। गुजरात के छोटा उदयपुर में 1 दिन में 20 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। अहमदाबाद में रविवार शाम 7 बजे से शुरू हुई भारी बारिश का दौर सोमवार सुबह 4 बजे तक जारी रहा। कहीं 18 इंच तो कहीं 12 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। छोटा उदयपुर में हालात बेहद ज्यादा खराब है। यहां पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यु ऑपरेशन चलाकर लोगों को बचाया। कई महिलाओं और बच्चों को कंधे पर उठाकर सुरक्षित पहुंचाया गया। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के लिए अलर्ट जारी किया है। अनुमान के मुताबिक दक्षिण गुजरात, मध्य गुजरात और सौराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। जानकारी के अनुसार गुजरात के 21 जिलों में भारी बारिश हो रही है। इनमें कहीं रेड तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। एनडीआरएफ की टीमों को तैयार रहने को कहा है। वलसाड़ जिला बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां से लोगों को एयर लिफ्ट कर दूसरे स्थानों पर ले जाया जा रहा है।




2000 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
दक्षिण और मध्य गुजरात के कई जिलों में भारी वर्षा के कारण नदियां उफान पर है। निचले इलाकों में पानी भर गया है। बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए लगभग 2000 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। मौसम विभाग ने डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में अगले पांच दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। छोटा उदेपुर में रविवार को शाम छह बजे तक सिर्फ 12 घंटों में 433 मिमी वर्षा हुई। इससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है।
#WATCH | Gujarat: Flood-like situation worsens in Valsad, as water enters low-lying areas amid heavy rainfall pic.twitter.com/FO8BNCFYja
— ANI (@ANI) July 11, 2022