दिन दहाडे हत्या एक दर्जी की हत्या करने के मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर पलटवार कियाहै। उन्होंने सोमवार को भाजपा नेताओं को आडे हाथों लिया और कहा कि भाजपा को दर्जी कन्हैयालाल टेलर की हत्या के आरोपी के साथ अपने संबंधों और आरोपों पर रुख स्पष्ट करना चाहिए। गहलोत ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी के भाजपा नेताओं के साथ कथित संबंधों की मीडिया रिपोर्ट की ओर इशारा करते हुए संवाददाताओं से कहा कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी के किनसे संबंध हैं। उसके भाजपा के साथ किस रूप में और किस स्तर के संबंध रहे हैं ये सबको यह मालूम है। गहलोत ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हाल में खबर आई कि इस कांड का मुख्य आरोपी (रियाज) जिस किराये के कमरे में रहता था, उसके मकान मालिक ने पुलिस में शिकायत की थी कि वह (आरोपी) उसे तंग करता है। गहलोत ने कहा कि मकान मालिक ने शिकायत की थी कि पता नहीं, कौन-कौन लोग मेरे (मकान मालिक के) घर पर आते हैं, धमकाते हैं और वे किराया नहीं दे रहे है।
भाजपा नेताओं ने थाने में किया फोन!
गहलोत ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से पहले ही भाजपा नेताओं ने थाने में फोन कर दिया कि वह उनका कार्यकर्ता है। इसलिए उसे तंग न किया जाए। गहलोत ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा नेताओं को इन आरोपों पर अपना जवाब देना चाहिए और स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
हत्यारे के सबंध हुए जगजाहिर
गहलोत ने कहा कि जिस व्यक्ति ने इतना जघन्य अपराध किया है, वह किन लोगों की गोद में बैठा हुआ था। उसके किन लोगों के साथ संबंध थे। यह बात जगजाहिर हो चुकी है। गहलोत ने जयपुर में विपक्षी दलों की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के संवाददाता सम्मेलन के दौरान उदयपुर की घटना से जुड़े सवाल का जवाब देते वक्त कही।
28 जून को हुई थी हत्या
गौैरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट को लेकर उदयपुर में 28 जून को कन्हैयालाल की उसकी दुकान में दो लोगों ने निर्मम हत्या की थी। आरोपी रियाज अख्तरी और गौस मोहम्मद को घटना के कुछ घंटों बाद ही पकड़ लिया था। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में सभी सातों आरोपी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में है। सोशल मीडिया पर मुख्य आरोपी रियाज अख्तरी की प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया सहित कुछ भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई थीं। जिसके बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि आरोपी भाजपा का कार्यकर्ता है। भाजपा इस आरोप का खंडन भी कर चुकी है।