पंजाब. मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कोर्ट से मानव तस्करी के मामले में दिलेर मेहंदी को झटका लगा है। कोर्ट ने मेहंदी को दोषी माना और उनकी सजा को बरकरार रखा। ऐसे में पंजाब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि मेहंदी के खिलाफ पटियाला पुलिस ने साल 2003 में एक मामला दर्ज किया था। जिसमे निचली अदालत ने उन्हें कबूतरबाजी का दोषी माना और मेहंदी को दो साल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के खिलाफ मेहंदी ने एडिशनल सेशन जज की अदालत में अपील दायर की। लेकिन गुरुवार को इस अदालत से भी झटका लग गया।
शिकायतकर्ता के वकील ने बताया कि उन्हें 2003 के मानव तस्करी से जुड़े एक मामले में 2 साल की सजा हुई है। मेहंदी को फिलहाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वकील गुरमीत सिंह के मुताबिक कोर्ट ने उनकी रिहाई की याचिका ठुकरा दी। शिकायतकर्ता बख्शीश सिंह ने बताया कि पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उनके भाई शमशेर मेहंदी उसे विदेश भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा और न ही दोनों ने राशि लौटाई। जिसके बाद बख्शीश सिंह ने कोर्ट की शरण ली।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार मामला 2003 का है। इस केस का फैसला करीब 15 साल बाद हुआ है। मेहंदी पर आरोप है कि वह और उनके भाई शमशेर गैरकानूनी रूप से लोगों को विदेश भेजकर मोटी रकम लेते थे। मामले में दलेर मेहंदी और उनके भाई के खिलाफ कुल 31 केस दर्ज किए गए थे। पहला केस 2003 में अमेरिका में दर्ज किया गया, क्योंकि ज्यादातर लोग अमेरिका ही भेजे गए थे।