नई दिल्ली. विमान कंपनियों के लिए जुलाई माह काफी मुश्किल भरा रहा है। कारण की इन विमानों की लगातार इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ रही है। गुरुवार को दिल्ली से वडोदरा जा रहे इंडिगो के विमान 6ई-859 में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण उसकी जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। फिलहाल विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार जब विमान दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ा तो कुछ ही देर बाद उसके इंजन में वाइब्रेशन होने लगा। इसके बाद पायलट्स ने नजदीकी एयरपोर्ट से संपर्क किया, जिसके बाद जयपुर में इंडिगो की लैंडिंग करवाई गई। ये दिक्कत विमान में क्यों आई और उसमें कितने यात्री सवार थे, अभी तक एयरलाइन ने इस बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाई है। उनकी ओर से बस इतना बताया गया कि विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई है। उस विमान की जांच भी की जा रही है।
बुधवार को भी हुई थी ऐसी ही घटना
बुधवार को भी इंडिगो के एक विमान की कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी थी। उस दौरान विमान में 141 यात्री सवार थे। हालांकि सभी पूरी तरह से सुरक्षित रहे। कंपनी के मुताबिक दिल्ली से जा रहे इंडिगो की विमान संख्या- 6 ई 2615 को मणिपुर की राजधानी इंफाल में उतरना था, लेकिन खराब मौसम के कारण लैंडिंग नहीं हो पाई। साथ ही ईंधन भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा था। ऐसे में विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
स्पाइसजेट ने बढ़ाई थी टेंशन
गौरतलब है कि 25 दिनों में स्पाइसजेट के 9 विमानों में तकनीकी खराबी आ चुकी है। इनमें से कुछ की तो इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी थी। जिस वजह से उसके शेयर पर काफी बुरा असर पड़ रहा है। हाल ही में दुबई-मदुरै फ्लाइट उडऩे को तैयार थी, लेकिन एयरक्राफ्ट के नोज व्हील में खराबी आ गई। जिस वजह से फ्लाइट में देरी हुई। बाद में दूसरे विमान की व्यवस्था कर उससे यात्रियों को भेजा गया।