नई दिल्ली. राष्ट्रपति का चुनाव नजदीक है। सभी दल चुनावी जोड़तोड़ में लगे हुए हैं। इसी राजनीतिक उधेड़बुन के बीच आम आदमी पार्टी ने अपने पत्ते खोलते हुए ऐलान कर दिया कि वह इन चुनावों में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेंगे। पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी ने तय किया है कि हम विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेंगे। द्रौपदी मुर्मू का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुर्मू का सम्मान है, लेकिन चुनाव में हम सिन्हा का समर्थन करेंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी की बैठक हुई। इस बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में वोट देने पर फैसला लिया।
आप की इस बैठक में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के अलावा पंकज गुप्ता, राघव चड्डा, आतिशी, संजय सिंह, गोपाल राय, दुर्गेश पाठक, रखी बिडलन और एन डी गुप्ता मौजूद रहे। आप के विधानसभा चुनावों में जीत के बाद भगवंत मान के पंजाब के मुख्यमंत्री बनने के साथ, लोकसभा में पार्टी की संख्या शून्य हो गई है। हालांकि, दिल्ली में 62 और पंजाब में 92 विधायकों के साथ आप के राज्यसभा में 10 सदस्य हैं। आप ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक संयुक्त उम्मीदवार को मैदान में उतारने पर आम सहमति बनाने के लिए आयोजित विपक्षी दलों की महत्वपूर्ण बैठक से किनारा किया था। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होंगे, क्योंकि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।