जयपुर. प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े तीर्थस्थलों की यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए एक सुनहरा मौका है। जून माह में श्री रामायण यात्रा के लिए चलाई गई भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का फिर से संचालन किया जा रहा है। भारतीय रेलवे के उपक्रम आईआरसीटीसी ने इस ट्रेन को 24 अगस्त से दोबारा चलाने का निर्णय किया है। आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक/पर्यटन योगेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि इस अनूठी यात्रा के दौरान यात्रियों को भारत के विविधताओं से भरपूर धार्मिक और विरासत स्थलों पर भ्रमण का अवसर मिलेगा। यात्राी अयोध्या, जनकपुर, सीतामढ़ी, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक, हम्पी, रामेश्वरम, कांचीपुरम, भद्राचलम के दर्शन कर सकेंगे। यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए इसकी अवधि को 18 दिनों से बढ़ाकर 20 दिन कर दी है।
आप भी जाने इस ट्रेन की विशेषता
इस पूर्णतया वातानुकूलित पर्यटक ट्रेन में एसी तृतीय श्रेणी के कोच होंगे। साथ ही आधुनिक किचन कार से यात्रियों को उनकी बर्थ पर ही शाकाहारी स्वादिष्ट भोजन परोसा जाएगा। ट्रेन में यात्रियों के मनोरंजन व यात्रा की जानकारी आदि प्रदान करने के लिए इन्फोटेन्मेंट सिस्टम भी लगाया गया है। साथ ही सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड एवं सीसीटीवी कैमरे भी प्रत्येक कोच में उपलब्ध रहेंगे।
बीस दिन की यात्रा पर खर्च होंगे 73,500
आपको बता दें कि इस ट्रेन के माध्यम से 20 दिनों की यात्रा के लिए 73,500 प्रति व्यक्ति का शुल्क निर्धारित किया है। साथ ही पहली 100 बुकिंग पर 5 प्रतिशत का डिस्काउंट भी प्रदान किया जाएगा। इस टूर पैकेज की कीमत में यात्रियों को रेल यात्रा के अतिरिक्त स्वादिष्ट शाकाहारी भोजन, बसों द्वारा पर्यटक स्थलों का भ्रमण, एसी होटलों में ठहरने की व्यवस्था, गाइड व इंश्योरेंस आदि कि सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

भुगतान में भी कोई परेशानी नहीं
यात्रियों की सुविधा के लिए किराए की कुल राशि को एक साथ न देकर 2 वर्ष की अवधि में भी भुगतान किया जा सकता है। सरकार/पीएसयू के कर्मचारी इस यात्रा पर वित्त मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर पात्रता के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।
24 अगस्त से शुरू होगी यात्रा
यह यात्रा 24 अगस्त को दिल्ली सफ़दरजंग से शाम को रवाना होगी । इस ट्रैन में जयपुर या किसी भी सम्भागीय मुख्यालय से जाने वाले यात्रियों की संख्या 100 होने पर यात्रियों के लिए दिल्ली तक आने जाने की व्यवस्था आईआरसीटीसी की ओर से अनुरोध पर की जा सकती है।
इस यात्रा भ्रमण में रामायण से संबंधित स्थलों का विवरण
दिनांक स्थान महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों का भ्रमण व दर्शन
25.08.2022 | अयोध्या | रामजन्म भूमि, हनुमानगढ़ी, रामकोट, कानन भवन मंदिर |
26.08.2022 | नंदीग्राम | भरत मंदिर और भरतकुंड |
27.08.2022 | जनकपुर | जनक मंदिर, सीता-राम विवाह मंडप, धनुष धाम मंदिर, परशुराम कुंड |
28.08.2022 | सीतामढ़ी | सीतामढ़ी और पुनौराधाम का जानकी मंदिर |
29.08.2022 | बक्सर | रामरेखा घाट, गंगा स्नान, रामेश्वरनाथ मंदिर |
30.08.2022 | वाराणसी | तुलसी मानस मंदिर, संकट मोचन मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर |
31.08.2022 | सीता | समाहित स्थल सीता माता मंदिर |
01.08.2022 | प्रयागराज | भारद्वाज आश्रम, गंगा यमुना संगम, हनुमान मंदिर |
01.09.2022 | श्रृंगवेरपुर | श्रृंगी ऋषि समाधी, राम चौरा |
02.09.2022 | चित्रकूट | गुप्त गोदावरी, रामघाट, भरत मिलाप मंदिर, सती अनुसुइया मंदिर |
04.09.2022 | नासिक | त्रयम्बकेश्वर मंदिर, पंचवटी, सीता गुफा, कालाराम मंदिर |
06.09.2022 | हम्पी | हम्पी अंजनी पर्वत, ऋषिमुख द्वीप, सुग्रीव गुफा, रघुनाथ मंदिर |
08.09.2022 | रामेश्वरम | रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग, धनुष्कोडी |
09.09.2022 | कांचीपुरम | विष्णु कांची मंदिर, शिव कांची, कामाक्षी अमन टेम्पल |
10.09.2022 | भद्राचलम | भद्राचलम मंदिर |
यूं कर सकते हैं टिकट की बुकिंग
इस पैकेज की विस्तृत जानकारी व्हाट्सएप्प नंबर 8595930998, 9001094705 से भी प्राप्त कर सकते हैं । इस पैकेज की बुकिंग सुविधा आई. आर. सी. टी. सी. की वेबसाइट www.irctctourism.com पर भी उपलब्ध है । इसके अलावा आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय 708, 7 वी मंजिल क्रिस्टल मॉल, बनीपार्क, कलेक्ट्रेट सर्किल के पास जयपुर, (राजस्थान) में आकर भी करवा सकते है। सम्बंधित विवरण फ़ोनन. 8595930998, 9001094705 से भी लिया जा सकता है ।