चीन इन दिनों अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान दौरे को लेकर भड़का हुआ है। इसको देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि क्या अमेरिका और चीन के बीच युद्ध हो सकता है। इसकी वजह ये माना जा रही है कि जो बाइडेन से फोन पर की बातचीत के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि आग से खेलने की भूल ना करें। इसके बाद भी नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन बुरी तरह बौखलाया हुआ है। इस तनाव के बीच चीन ने ताइवान की सीमा के पास अपना सैन्य बेड़ा युद्धाभ्यास के नाम पर मैदान में उतार दिया है। लेकिन इस संबंध में चीन का कहना है कि वह चार दिन का युद्धाभ्यास करेगी।
चीन ने ताइवान पर लगा दिए प्रतिबंध
पेलोसी की यात्रा से बौखलाए चीन ने ताइवान में पेस्ट्री, पके हुए माल और मिठाई के उत्पादन करने वाली कई ताइवानी कंपनियों पर आर्थिक प्रतिबंधों और आयात प्रतिबंधों की भी घोषणा कर दी है। मंगलवार को चीन ने ताइवान की कई खाद्य कंपनियों के उत्पादों के आयात को अस्थायी रूप से रोक दिया है। फोकस ताइवान के मुताबिक ताइवान की कृषि परिषद (सीओए) ने बताया कि ब्लैक लिस्ट में डाली गई कंपनियों में चाय की पत्ती, सूखे मेवे, शहद, कोकोआ बीन्स और सब्जियों के उत्पादकों के साथ-साथ मछली पकडऩे वाले लगभग 700 जहाज भी इसमें शामिल हैं।
चीन ने पेलोसी की मॉनिटरिंग पर उठाए सवाल
अमेरिका ने पेलोसी की ताइवान यात्रा की पल-पल मॉनीटरिंग कर रहा है। वहीं, चीन इसे अपनी अंदरूनी मामले में दखल मान रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा है कि नैंसी के ताइवान दौरे से अलगावादी गुटों में गलत संदेश गया है। हमारे कड़े विरोध के बावजूद नैंसी ने ताइवान का दौरा किया है। यह चीन के सिद्धांत की नीति का उल्लंघन है। इससे चीन और अमेरिका के संबंधों पर गहरा असर पड़ा है। इससे ताइवान में शांति पर भी असर पड़ेगा। चीन के इस बयान को बड़े परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।
http://ये खबर भी पढ़ें: चीन की धमकी के बीच ताइवान पहुंची नैंसी पेलोसी: चेतावनी दी कि हम अब किसी भी हंगामे से रुकने वाले नहीं
अमेरिका ने कहा-किसी नीति का उल्लंघन नहीं कर रहे
अमेरिकी व्हाइट हाउस सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने चीन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमने किसी नीति का उल्लंघन नहीं किया है। नैंसी की यात्रा की पूरी तरह से निगरानी की जा रही है। हमने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। हमारे स्पीकर की यात्रा पूरी तरह से इन चाइना पॉलिसी के अनुरूप ही है। वन चाइना पॉलिसी में इस यात्रा से कुछ भी नहीं बदला है।
चीन ने दी चेतावनी-आग से खेल रही हैं पेलोसी
इसी बीच चीन ने अमेरिकी राजदूत को तलब किया और उनसे पेलोसी की यात्रा के बारे में कहा है कि मना करने के बावजूद पेलोसी की यात्रा समझ से बाहर है। चीन ने चेतावनी के लहजे में कहा है कि पेलोसी आग से खेल रही हैं और अमेरिका को इस गलती का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। चीन के उप विदेश मंत्री झी फेंग ने चीन में अमेरिकी राजदूत निकोलस बन्र्स को तलब कर ये बात कही। ताइवान ने भी कहा है कि वह अपनी सीमा के पास चीनी सेना की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखे हैं।
पेलोसी ने दिया है ये बड़ा बयान
ताइवान के राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन के साथ बैठक के दौरान अमेरिकी स्पीकर पेलोसी ने कहा कि आज दुनिया लोकतंत्र और निरंकुशता के बीच एक विकल्प का सामना कर रही है।यहां ताइवान और दुनिया में लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए अमेरिका का दृढ़ संकल्प है। पेलोसी ने कहा कि ताइवान में लोकतंत्र फल-फूल रहा है। इसने दुनिया में साबित कर दिया है कि आशा, साहस और दृढ़ संकल्प चुनौतियों के बावजूद शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य का निर्माण कर सकता है। अब, पहले से कहीं अधिक, ताइवान के साथ अमेरिका की एकजुटता महत्वपूर्ण है, आज हम यही संदेश लेकर आए है।