बांसवाड़ा. जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि आने वाले समय में समाई माता इको टूरिज्म का केन्द्र बनेगा और बड़ी संख्या में यहॉ पर्यटक आयेगें। यहॉ के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बामनिया वन विभाग के तत्वावधान में शहर के निकट स्थित समाई माता की पहाडी पर आयोजित पौधारोपण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि यहां राज्य सरकार द्वारा 2 करोड़ की लागत से लव कुश वाटिका तथा 50 लाख रूपये टी.ए.डी. मद से मन्दिर विकास के कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि समाई माता, भण्डारिया हनुमान जी के साथ कलेटिया भैरव, कागदी फॉल, सिंगपुरा, चाचाकोटा को जोड़कर इको टूरिज्म ट्रेक बनाया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकाधिक पौधारोपण कर यहां की पहाडिय़ों को हरियाली से आच्छादित करें।
संभागीय मुख्य वन संरक्षक आर.के. जैन ने कहा कि समाई माता बहुत सुन्दर स्थान है। इसको दक्षिणी राजस्थान का कश्मीर बताते हुए उन्होंने कहा कि लव कुश वाटिका बन जाने से यह स्थान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा। उन्होने कहा कि समाई माता तथा इस क्षेत्र के विकास में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री का अहम योगदान है। विशिष्ट अतिथि जिला कलक्टर री प्रकाशचन्द्र शर्मा व जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा मंचासीन थे। इस अवसर पर बामनिया ने अशोक व बरगद का पौधा लगाकर पौधारोपण कार्य का श्रीगणेश किया।