नई दिल्ली. भारत और जिम्बाब्वे की बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला सोमवार को हरारे में खेला गया। टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। भारत ने 08 विकेट खोकर 289 रन बनाए। जवाब में मेजबान टीम 276 रन ही बना सकी। इस प्रकार भारत ने आखिरी वनडे 13 रन से जीता। इसके साथ ही भारत ने ये सीरीज 3-0 से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। भारत की ओर से शुभमन गिल ने जिम्बाब्वे की ओर से सिंकदर रजा ने शतक लगाया। गिल को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
गिल ने जड़ा शतक
भारत की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और शिखर धवन के बीच पहले विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी हुई। 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान केएल राहुल 46 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे वनडे में राहुल ने मात्र 1 रन बनाया था। 21वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को दूसरा झटका लगा। ओपनर शिखर धवन 68 गेंदों पर 40 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शुभमन गिल ने ईशान किशन के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की। ईशान ने अर्धशतक और अगिल ने शतक जड़ा। ईशान ने 61 गेंदों पर 50, गिल 97 गेंदों पर 130, संजू ने 15, शार्दुल ने 9, अक्षर और हुड्ड ने 1-1 रन बनाया। कुलदीप 2 और चाहर 1 रन बनाकर नाबाद रहे।
ब्रैड इवांस ने झटके 5 विकेट
जिम्बाब्वे ने आज के मुकाबले में 7 गेंदबाजों को आजमाया। रिचर्ड नगारवा ने 9 ओवर में 58 रन खर्च किए। विक्टर न्याउची ने 10 ओवर में 48 रन लुटाए और 1 विकेट चटकाया। ब्रैड इवांस जिम्बाब्वे की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 54 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट चटके। सिकंदर रज़ा ने 10 ओवर में 39 रन, ल्यूक जोंगवे ने 5 ओवर में 49 रन देकर एक विकेट लिया। सीन विलियम्स ने 5 ओवर में 30 रन और टोनी मुनयोंगा ने 1 ओवर में 10 रन दिए।
सिकंदर रजा ने जड़ा शतक
290 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। तीसरे ओवर में इनोसेंट कैइया 9 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हुए। सीन विलियम्स ने 45, टोनी मुनयोंगा ने 15, रेजिस चकबवा ने 16, ताकुद्ज़्वानाशे कैटानो ने 13, रयान बर्ल ने 8, ल्यूक जोंगवे ने 4 रन, ब्रैड इवांस ने 28 और सिकंदर रजा ने 115 रन बनाए। रिचर्ड नगारवा 2 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपक चाहर ने 2, अक्षर पटेल ने 2, कुलदीप यादव ने 2 और आवेश खान ने 3 विकट अपने नाम किया। वहीं शार्दुल ने सिकंदर रजा का महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शिखर धवन, केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, आवेश खान।
जिम्बाब्वे: ताकुद्ज़्वानाशे कैटानो, इनोसेंट कैया, टोनी मुनयोंगा, रेजिस चकबवा (कप्तान/विकेटकीपर), सिकंदर रज़ा, सीन विलियम्स, रयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, ब्रैड इवांस, विक्टर न्याउची, रिचर्ड नगारवा।