मुंबई. मुंबई के एक बड़े होटल में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। एक अज्ञात व्यक्ति ने होटल में फोन कर होटल में चार जगहों पर बम रखने की सूचना दी। व्यक्ति ने फोन पर बताया कि वह बम को डिफ्यूज कर सकता है, लेकिन इसके लिए उसे पांच करोड़ रुपये चाहिए. मुंबई पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सहार पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 336, 507 के तहत मामला दर्ज किया है। इधर होटल में बम रखे होने की सूचना मिलने के बाद स्टाफ में हड़कंप मच गया है। इस बात की जानकारी पुलिस को भी दी गई। हालांकि, अभी तक बम बरामद नहीं हुआ है और फोन करने वाले का भी कुछ पता नहीं चल पाया है।
गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र के रायगढ़ में संदिग्ध नाव मिलने से हड़कंप मच गया था। इस नाव में एके 47 और कुछ रायफल बरामद हुई थीं। संदिग्ध नाव मिलने के बाद रायगढ़ में हाईअलर्ट जारी कर दिया था, नाव से जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ था। यह संदिग्ध नाव रायगढ़ के हरीहरेश्वर तट पर मिली थी।
इसी तरह से नाव के जरिए साल 2008 में पाकिस्तानी आतंकवादी मुंबई में घुसे थे। यहां आने के बाद आतंगवादियों ने 26/11 के आतंकी हमलों को अंजाम दिया था। इन आतंकी हमलों में आतंकवादियों ने मुंबई के होटल ताज, होटल ओबरॉय, ल्योपोल्ड कैफे और सीएसटी स्टेशन सहित कई क्षेत्रों को निशाना बनाया था। होटल ताज को आतंकवादियों से पूरी तरह से मुक्त करने में कई दिन लग गए थे।