जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की वकालत कर सियासी हलके में चर्चा को तेज कर दिया है। जयपुर में प्रेस काफ्रेंस में अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एक राय होकर यह चाहते हैं कि राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें। गहलोत ने राहुल गांधी से भी मांग की है कि वे अध्यक्ष पद स्वीकार करें। गहलोत ने कहा कि अगर राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो कांग्रेस में निराशा छा जाएगी और कई नेता घर बैठ जाएंगे।
गहलोत ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में 250 नेता हैं। एआईसीसी के नेताओं के 6 ग्रुप बने हुए हैं। पिछले दिनों सभी नेताओं ने बात की है। सभी राय है कि राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष बनें। राहुल गांधी को हमारी भावनाओं का ख्याल रखते हुए अध्यक्ष पद स्वीकार करना चाहिए।
#WATCH | If Rahul Gandhi does not become the party president, it will be a disappointment for the Congressmen across the country. He should understand the sentiments of Congress workers and accept this post…: Congress leader and Rajasthan CM Ashok Gehlot, in Jaipur yesterday pic.twitter.com/5lZq7H1vSS
— ANI (@ANI) August 23, 2022
गहलोत ने कहा-नरेंद्र मोदी इस वजह से डरते हैं
अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा बार-बार गांधी परिवार को निशाना बना रही है, जबकि पिछले 32 सालों में गांधी परिवार का कोई भी सदस्य मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और केन्द्रीय मंत्री नहीं बना है। इसके बावजूद नरेन्द्र मोदी गांधी परिवार से डर रहे हैं। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस और देश का डीएनए एक है और कांग्रेस पूरे देश को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
राजस्थान में रहकर जनता की सेवा करूंगा:गहलोत
पिछले दिनों दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए अशोक गहलोत ने कहा था कि वे कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनना चाहते, वे राजस्थान में रहकर जनता की सेवा करना चाहते हैं। उनके कांग्रेस अध्यक्ष बनने से जुड़ी चर्चाओं को भी गहलोत ने खारिज किया था। उनका पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बनता ही नहीं है। ये सब बातें गलत है।