नई दिल्ली. एक समाचार चैनल पर चर्चा के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर विवादों में आईं भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को दिल्ली पुलिस ने हथियार का लाइसेंस जारी किया है। नूपूर को पुलिस की तरफ से यह लाइसेंस आत्मरक्षा के लिए जारी किया है। दरअसल, इस बयान के बाद नुपूर को लगातार जान से मारने की कई धमकियां दी गईं, जिसके बाद उन्हे दिल्ली पुलिस ने यह आर्म लाइसेंस दिया।
बता दें कि एक टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान नुपूर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद पर कथित विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवादों एक लंबा दौर चला। इसके बाद नुपूर को जान से मारने की धमकियां लगातार दी जा रही थीं। उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए। भाजपा ने उनके इस विवादित बयान के बाद अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित भी कर दिया था। उनके अलावा दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
इस मुद्दे पर बवाल मचने के बाद भाजपा ने एक तरह से दोनों नेताओं के बयानों से किनारा करते हुए एक बयान जारी कर कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी धर्म के पूजनीय लोगों का अपमान स्वीकार नहीं करती। भाजपा से निलंबन के बाद नूपुर शर्मा ने अपना बयान बिना शर्त वापस ले लिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी मंशा किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की नहीं थी।