नई दिल्ली. केन्द्र सरकार की ओर से पारित किए गए तीन बिलों के विरोध में पंजाब के किसानों और पुलिस के बीच बवाल बढ़ गया है। ऐसे में स्थिति को बिगड़ते हुए देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागने शुरू कर दिए हैं। इसके माध्यम से भीड़ को तीतर-बितर करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन किसान टस से मस होने को तैयार नहीं है। किसानों की सिर्फ एक ही जिद है कि सरकार उन्हें अपनी मांगों को लेकर शांति से आंदोलन करने दें। हुआ यूं कि पंजाब और हरियाणा के किसान पुलिस की रोके जाने पर भड़क गए थे। पंजाब से लेकर हरियाणा मेें जगह-जगह किसानों के संघर्ष के बाद शुक्रवार को भी उनका मार्च जारी है। दिल्ली मेट्रो ने एहतियात के तौर पर छह मेट्रो स्टेशनों से निकासी और प्रवेश की सुविधा बंद कर दी है।
सिंघु बॉर्डर पर बेकाबू हुए किसान
सिंघु बॉर्डर पर अचानक से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद आक्रोशित किसानों ने पुलिस की ओर से की गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। आक्रोश को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और भीड़ को तितर-बितर करने करने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस और किसानों के बीच तनाव और बढ़ गया। इधर पुलिस ने किसानों को बैरिकेडिंग कर हापुड़ रोड पर सीबीआई अकेडमी के सामने रोका। किसान राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। शुक्रवार को अमृतसर से जो किसान चले हैं वह शंभू बॉर्डर तक पहुंचे हैं और उन्हें रोकने के लिए अंबाला पुलिस ने गुरुवार की तरह की आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछार की है।
दूल्हे को जाना पड़ा पैदल
किसानों के आंदोलन के चलते दूल्हे समेत एक बरात को पैदल ही आगे जाना पड़ा। पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाली तमाम सीमाओं को सील कर रखा है। जिससे आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री बोले, केन्द्र किसानों से करें बात
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र से आग्रह किया है कि तुरंत आंदोलनरत किसानों से बात करें और दिल्ली बॉर्डर की तनावपूर्ण स्थिति को खत्म करें।
दिल्ली में जगह जगह जाम
किसानों के आंदोलन को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजधानी को जोडऩे वाले मार्गों को दिल्ली पुलिस ने बंद कर दिए। शुक्रवार को शहर में अहम रास्तों पर वाहनों का जाम लग गया। दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि इस प्रदर्शन के चलते ढांसा और झाड़ौदा कलां सीमाएं यातायात के लिए बंद कर दी है और यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग लेने को कहा गया है।
कांग्रेस बोली हमारी सरकार बनी तो निरस्त होंगे काले कानून
कांग्रेस ने तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का समर्थन करते हुए शुक्रवार को कहा कि केंद्र में जिस दिन उसकी सरकार बनेगी उसी दिन इन काले कानूनों को निरस्त कर दिया जाएगा। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी किसानों की मांगों को पूरा कराने के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि \’एक देश, एक चुनावÓ की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों के संदर्भ में \’एक देश, एक व्यवहारÓ पर अमल करना चाहिए।