चूरू. प्रदेश की राजनीति में अपना वजूद रखने वाले एक युग का अवसान हो गया है। जी हां हम बात कर रहे हैं मुख्यमंत्री गहलोत सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकरिता मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल की। मेघवाल लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका निधन होने से राजनीति में एक रिक्ती आ गई है। मंत्री भंवरलाल मेघवाल की पुत्री बनारसी मेघवाल का निधन भी इसी माह कुछ दिन पहले ही हुआ था। भंवरलाल के निधन से न केवल चूरू जिले बल्कि राजस्थान की राजनीति में भी शोक की लहर व्याप्त हो गई है। मास्टर भंवरलाल मेघवाल का जन्म राजस्थान के चूरू जिले के सुजानगढ़ उपखंड की शोभासर ग्राम पंचायत के गांव बाघसर पूर्वी में चुनाराम मेघवाल के घर 1948 को जन्म हुआ। वर्तमान में इनका परिवार सुजानगढ़ उपखंड मुख्यालय के वार्ड बीस में पीसीबी स्कूल के पीछे स्थित जयनिवास में रहता है। 15 मई 1965 को भंवरलाल मेघवाल की शादी केसर देवी से हुई। बेटी बनारसी देवी जिला प्रमुख रह चुकी है। उनका भी इसी माह निधन हो चुका है। बेटा मनोज मेघवाल नमक का व्यवसाय करते हैं। मास्टर भंवरलाल मेघवाल सुजानगढ़ के सरकारी स्कूल में पीटीआई कार्यरत रहे। शिक्षक होने के कारण ही इन्हें मास्टर भंवरलाल कहा जाता है। 1977 में शिक्षक की नौकरी से इस्तीफा देकर इन्होंने चुनाव लड़ा। पहली बार में हार का सामना करना पड़ा। मेघवाल सुजानगढ़ विधानसभा सीट से निर्दलीय समेत कांग्रेस की टिकट पर पांच बार विधायक रहे चुके हैं।
हारे थे पहला चुनाव
मास्टर भंवरलाल मेघवाल ने 1977 विधानसभा चुनाव में पहली बार भाग्य आजमाया लेकिन उन्जहें शिकस्त का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने 1980 के विधानसभा चुनाव में तीन साल बाद फिर भाग्य आजमाया। इस बार उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी जीत दर्ज की। मास्टर भंवरलाल के साथ अजब संयोग ये जुड़ा हुआ है कि वे एक बार चुनाव जीतते हैं और उसके बाद का चुनाव हारते हैं।
अब तक लड़ चुके दस चुनाव, पांच बार जीते
- मेघवाल सुजानगढ़ से 10 विधानसभा के चुनाव लड़ चुके है व 5वीं बार विधायक बने हैं। मेघवाल ने राजकीय सेवा से शिक्षक की नौकरी छोडकऱ राजनीति में एन्ट्री की थी।
- मास्टर भंवरलाल मेघवाल का परिचय
- मास्टर भंवरलाल मेघवाल का 1948 में सुजानगढ़ तहसील के छोटे से गांव बाघसरा अगुणा में जन्म हुआ।
- भंवरलाल मेघवाल ने -एम.ए (इतिहास) की शिक्षा ग्रहण की।
- 1976 तक भंवरलाल मेघवाल ने राजकीय स्कूल में शिक्षक रहे।
- इसके बाद उन्होने 1977 में सुजानगढ़ से पहला चुनाव कांग्रेस की टिकट पर लड़ा लेकिन चुनाव हार गये।
- —इसके बाद मेघवाल ने 1980 में निर्दलीय चुनाव लड़े और रिकार्ड तोड़ मतो से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।
- उस समय सबसे कम उम्र में मास्टर भंवरलाल विधायक चुने गए।
- मेघवाल अब तक सुजानगढ़ से 10 विधानसभा के चुनाव लड़ चुके है और 5 बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे है।
- मेघवाल 1998 से 2001 तक ग्रामीण विकास एंव पंचायत राज व जेल मंत्री रहे।
- इसके बाद मेघवाल 2002 से 2003 तक इन्दिरा गांधी नहर राज्य मंत्री रहे।
- मेघवाल गहलोत सरकार में 2008 से लेकर 2011 तक शिक्षा श्रम एंव नियोजन मंत्री रहे।
- 2013 का कांग्रेस पार्टी चुनाव हारने के बाद मेघवाल को पीसीसी चीफ सचिन पायलट ने पार्टी में इन्हे वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया।
- मेघवाल ने 2014 लोकसभा चुनावों में गंगानगर से लोकसभा का भी चुनाव लड़ा था लेकिन मोदी लहर में यह चुनाव हार गए।