जयपुर. बिहार और मध्यप्रदेश के चुनाव के बाद भाजपा ने संगठन में बदलाव करते हुए नए प्रभारी और सह प्रभारी मनोनीत किए हैं। जिन लोगों को राजस्थान में लगाया गया है। वे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा की टीम में शामिल है। नडडा ने अरुणसिंह को राजस्थान भाजपा का प्रभारी मनोनीत किया है। वहीं सह प्रभारी डा.भारती बेन को मनोनीत किया है। नडडा ने इन दोनों नामों पर अपनी सहमति भी जता दी है। इससे पहले सह प्रभारी की जिम्मेदारी वी.सतीश पर थी। राजस्थान में प्रदेश प्रभारी का जिम्मा अविनाश राय खन्ना के जिम्मे था लेकिन उन्हे अब हिमाचल की जिम्मेदारी सौंप दी है। वहीं राजस्थान की अलका गुर्जर को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया है। उन्हें वहां की सह प्रभारी मनोनीत किया गया है। इसके अलावा राजस्थान से राज्यसभा सांसद भूपेंद्र यादव को बिहार और गुजरात संभालने की जिम्मेदारी दी है।
इसलिए सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
अरुण सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रबंधन की कमान संभाली थी। आपको बता दें 1965 में जन्मे अरुण सिंंह पेशे से सीए हैं। वह एसबीआई यूनियन बैंक में सात वर्ष डायरेक्टर रहे। वर्ष 1999 से 2004 तक भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष भी रहे हैं। इसके बाद बीजेपी की राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य भी रहे। वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन में सचिव पदों पर रहे। छत्तीसगढ़ में 2003, 2008 व 2013 में वह चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल चुके है। उन्होंने 2019 में लोकसभा चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
डॉ. भारती सांसद हैं
डॉ. भारती बेन शियाल गुजरात के भावनगर जिले से एक सक्रिय राजनेता हैं। वे सांसद भी हैं। गुजरात विधानसभा में वह 2012 में विधायक भी रह चुकी हैं। वह आयुर्वेदिक परामर्शदाता भी हैं।