जयपुर. राजस्थान में पटाखों पर रोक के आदेश के बाद अशोक गहलोत ने 24 घंटे में दूसरी बार ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमारे कुछ साथियों ने पटाखों और आतिशबाजी पर रोक के निर्णय की आलोचना की है लेकिन इसका धर्म से कोई संबंध नहीं है। विशेषज्ञों की राय भी यही है कि कोरोना के समय में पटाखों से निकलने वाला विषैला धुंआ बेहद खतरनाक है। गहलोत ने ट्वीट में लिखा- अधिकांश लोगों ने हमारे निर्णय की प्रशंसा की।हमारे बाद अन्य राज्यों ने भी पटाखों पर रोक लगाई है। लोगों की जिंदगी की रक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। हम चाहते हैं सभी स्वस्थ रहें एवं हर्षोल्लास से दीपावली पर्व मनाएं। इसलिए जरूरी है कि पटाखे न चलाएं। अगली दीपावली हम सब मिलकर आतिशबाजी से मनाएंगे।
24 घंटे पहले किया था ट्वीट
इससे पहले बुधवार को अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा था कि आतिशबाजी पर रोक धर्म या त्योहार को देखते हुए नहीं बल्कि लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए लगाई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सेहत का ख्याल रखते हुए पटाखे न चलाएं। दीपक जलाकर हर्षोल्लास से दीपावली पर्व मनाएं।