जयपुर. देश की कई हस्तियों की मूर्ति बनाने वाले मूर्तिकार अर्जुन प्रजापति (65) का गुरुवार को जयपुर में कोरोना से निधन हो गया। वे वर्ष 2010 में पद्मश्री पुरस्कार से नवाजे जा चुके हैं। प्रजापति के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट कर गहरा दुख जताया है। आपको बता दें की प्रजापति लंबे समय से कोरोना संक्रमण से जूझ रहे थे। सीतापुरा स्थित एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका निधन कला जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है।
प्रजापति के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने ट्वीट में लिखा है कि सुप्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मश्री सहित अनेकों पुरस्कारों से सम्मानित अर्जुन प्रजापति के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। जयपुर के प्रजापति ने मूर्तिकला को नई दिशा दी है। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से देश-विदेश में मान बढ़ाया है। उनका निधन कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, इस कठिन समय में मेरी गहरी संवदेनाएं शोकाकुल परिजनों एवं मूर्तिकला जगत के साथ है।
सतीश पूनिया बोले, परिजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं
राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी और लिखा कि, देश के लोकप्रिय मूर्तिकारों में शुमार एवं पद्मश्री से सम्मानित अर्जुन प्रजापति जी के निधन पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं परिजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। विनम्रता में अर्जुन जी का कोई सानी नहीं था और उन्होंने माटीकला को वैश्विक पटल पर लाकर राजस्थान का वैभव बढ़ाया है।
कई जानी-मानी हस्तियों की बना चुके हैं मूर्तियां
अर्जुन प्रजापति क्लोनिंग के महारथी कहे जाते थे। मिट्टी की मूर्ति बनाने के मामले में बेहद निपुण थे। किसी भी व्यक्ति को अपने सामने कुछ देर बैठाकर उसकी मिट्टी के क्ले (मूर्ति) बनाकर देना उन्हे बेहद पसंद था। उन्होंने इंदिरा गांधी, बिल क्लिंटन, अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, जगजीत सिंह, लता मंगेशकर, प्रिंस चाल्र्स, भैरोंसिंह शेखावत, जैसी तमाम बड़ी हस्तियों के लिए मूर्ति को गढ़ा था।