चूरू. महिला अपराधों की रोकथाम के लिए जागरुकता उत्पन्न करने एवं लोगों में महिला सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने के लिए राजस्थान पुलिस की ओर से शुरू किए गए \’आवाजÓ अभियान अंतर्गत गुरुवार को घांघू के शहीद राजेश फगेडिय़ा उमावि में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। प्रधानाचार्य प्रताप कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर थानाधिकारी रामनारायण चोयल ने कहा कि जमाना बदल गया है और महिलाएं हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम फहरा रही है। महिलाओं के प्रति सोच में भी बहुत फर्क आया है लेकिन इसके बावजूद समाज में महिलाओं के प्रति अत्याचार लगातार देखने को मिलते हैं। महिलाओं को अब इन अत्याचारों पर खामोश रहने की बजाय अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे अपनी गरिमा के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि पर आपत्ति दर्ज करवाएं और जिला कंट्रोल रूम, गरिमा हेल्पलाइन नंबर तथा राजस्थान महिला सुरक्षा ट्रेकर एप पर इसकी शिकायत करें। विशिष्ट अतिथि सरपंच विमला देवी ने कार्यक्रम को महिलाओं के लिए उपयोगी बताया। विशिष्टि अतिथि नाथी देवी नेहरा ने कहा कि महिला स्वयं जागरुक होकर अत्याचार के खिलाफ नहीं बोलना शुरू करेगी, तब तक पूरी तरह महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध खत्म नहीं होंगे। विशिष्ट अतिथि शहीद वीरांगना मधु फगेडिय़ा ने अभिभावकों से बालिका शिक्षा के लिए जागरुक होने का अनुरोध किया। व्याख्याता अग्नि कुमार शर्मा, व्याख्याता रेखा मीणा, बीट प्रभारी गोपी नेहरा ने भी विचार व्यक्त किए। प्रधानाचार्य प्रताप कुमावत ने आभार जताया। संचालन व्याख्याता जगदीश खेड़ीवाल ने किया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता महावीर सिंह नेहरा, परमेश्वर लाल दर्जी, उप सरपंच पूर्णसिंह, ओमप्रकाश गौड़, हाजी बन्ने खां, हाजी युसुफ खां, रामलाल फगेडिय़ा, सुगना राम मांझू आदि उपस्थित थे।