उदयपुर. उदयपुर- नाथद्वारा फोरलेन हाईवे पर गुरुवार को ट्रेलर ने एक कार को चपेट में ले लिया। हादसे में एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई। इसमें सास-बहू और एक अन्य बुजुर्ग महिला शामिल हैं। हादसे में घायल 6 लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। सभी लोग राजसमंद से एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस उदयपुर लौट रहे थे।
सुखेर थाना इलाके में कैलाशपुरी कट पर शाम करीब 5 बजे ये दुर्घटना हुई। उदयपुर के पुरोहितों की मादड़ी निवासी प्रकाश चौधरी परिवार के 8 सदस्यों के साथ घर लौट रहे थे। इस दौरान कैलाशपुरी कट पर सामने से आ रही बाइक को बचाने की कोशिश में इनोवा अनियंत्रित होकर गलत साइड में चली गई। इसी दौरान नाथद्वारा की ओर से जा रहे ट्रेलर ने कार को चपेट में लिया।
हादसे में प्रकाश की मां गीता बाई (70), मौसी हुड़ी बाई (75) और छोटे भाई की पत्नी नीमा देवी (38) ने मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में प्रकाश और उनकी पत्नी सहित 6 लोगों को अनन्ता अस्पताल ले जाया गया। इसमें दो की हालत नाजुक है। सूचना पर मौके पर पहुंची सुखेर थाना पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया है। घायलों में गाड़ी चला रहे प्रकाश चौधरी, उनकी पत्नी, भाई, एक 5 वर्षीय बच्चा, एक महिला और शामिल है। ट्रेलर के चालक-खलासी को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोनों की स्थिति नाजुक है।