पटना. बिहार के गोपलगंज जिले से एक हैरान करने का मामला सामने आया है। जिले के माझा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में स्कूल से घर लौट रही आठवीं की एक छात्रा पर गांव के ही दो मनचलों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मनचले चंद सैकण्डों में छात्रा पर दस बार चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। पीडि़ता लोगों से मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। जख्मी हालत में छात्रा को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टर के मुताबिक छात्रा की हालत गंभीर है। परिजनों के अनुसार, पीडि़ता मकतब स्कूल में 8 वीं कक्षा की छात्रा है। वह रोज गांव से आरोपी के गांव में पढऩे जाती थी। गुड्डा नाम का लड़का उसे आए दिन परेशान कर रहा था। इसको लेकर कई बार छात्रा के परिजनों ने उसके घरवालों से शिकायत भी की थी, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। रविवार को छात्रा जब पढऩे प्रतापपुर जा रही थी, तभी उसने उससे छेडख़ानी की। विरोध करने पर पहले तो वह शांत हो गया। इसके बाद छात्रा के घर लौटने वाले रास्ते पर घात लगाकर बैठ गया। जैसे ही छात्रा अपनी सहेलियों के साथ स्कूल से वापस लौट रही थी। उस पर युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीडि़ता की दोनों सहेलियां डर से फरार हो गई।