नई दिल्ली, एएनआइ. देश में ओमिक्रोन के मामलों का तेजी के साथ विस्तार हो रहा है। महाराष्ट्र और दिल्ली में इसके सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शक्रवार को ओमिक्रोन को लेकर अपडेट दिया है। मंत्रालय के मुताबिक, देश में नए वैरिएंट के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1270 हो गई है। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा मरीज हैं। इसके बाद देश की राजधानी दिल्ली में हैं।
अकेले महाराष्ट्र 870 और दिल्ली में 320 मरीज
महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के 450 और दिल्ली में इसके 320 मरीज हो गए हैं। देश में ओमिक्रोन के कुल 1270 मरीजों में अकेले महाराष्ट्र और दिल्ली में 870 मरीज हो गए हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के 198 मामले दर्ज किए थे। इनमें अकेले मुंबई से 190 मामले हैं।
देश में ओमिक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,270 हुई। महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमिक्रोन के सबसे ज़्यादा 450 और 320 मामले हैं। ओमिक्रोन के 1,270 मरीज़ों में से 374 मरीज़ रिकवर हो गए हैं: स्वास्थ्य मंत्रालय #OmicronVariant pic.twitter.com/uVqarci2e9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 31, 2021
ओमिक्रोन से पहली मौत
देश में ओमिक्रोन से पहली मौत महाराष्ट्र में हुई है। 52 वर्षीय पीडि़त व्यक्ति नाइजीरिया से लौटा था। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 28 दिसंबर को दिल का दौरा पडऩे से उसकी मौत हो गई। मरीज को पिंपड़ी चिंचवाड़ नगर निगम, पुणे के यशवंतराव चव्हाण अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गुरुवार को रिपोर्ट मिली कि वह ओमिक्रोन से संक्रमित था।
कहां कितने मामले?
महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के 450, दिल्ली में 320 मरीजों के अलावा केरल में 109 मरीज हैं। गुजरात में 97, राजस्थान में 69, तेलंगाना में 62, तमिलनाडु में 46, कर्नाटक में 34, आंध्र प्रदेश में 16, हरियाणा और ओडिशा में 14-14, पश्चिम बंगाल में 11, एमपी में 9, उत्तराखंड में 4, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में 3-3, अंडमान-निकोबार और यूपी में 2-2, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, लद्दाख और पंजाब में 1-1 मरीज है।