चूरू. जिले के राजगढ़ में एक युवती के साथ शादी के नाम पर दो साल तक बलात्कार किया। बताया जा रहा है कि पीडि़ता महाराष्ट्र की रहने वाली है। आरोपी युवक ने युवती को राजगढ़ में बंधक बनाकर 2 साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। पीडि़त युवती ने चूरू एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी राजगढ़ का रहने वाला है। आरोपी ने युवती को पहले 9 दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ बलात्कार किया। बाद में आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीडि़ता से मारपीट की और 2 साल तक उसका देहशोषण करता रहा।
मुंबई में करता था कपड़े का काम
पीडि़ता ने थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि आरोपी बलबीर जाट राजगढ़ के ढढ़ाल गांव का रहने वाला है। वह पांच साल पहले मुंबई में कपड़े का काम करता था। युवती की आरोपी से मुंबई में जान पहचान हुई जो दोस्ती में बदल गई। साल 2019 में आरोपी जब अपने गांव आया हुआ था तो उसने युवती राजस्थान घूमाने का बहाना बनाकर अपने गांव बुला लिया। युवती जब उसके गांव आ गई तो आरोपी बलबीर जाट ने रात को उसके साथ दुष्कर्म किया।
नौ दिन तक बंधक बनाए रखा
9 दिनों तक आरोपी ने उसे बंधक बनाकर रखा और मारपीट कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और दो साल तक मारपीट कर जबरन उसका शारीरिक शोषण करने लगा। अक्टूबर 2021 को युवती के पिता की बरसी होने पर वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर मुंबई चली गई लेकिन जब वह वापस गांव ढढ़ाल आई तो आरोपी किसी दूसरी युवती के साथ भाग गया। राजगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।