बीकानेर. केन्द्र की राजनीति में राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद अर्जुन राम मेघवाल का कद और बढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने अर्जुनराम मेघवाल को अब कानून मंत्री का स्वतंत्र प्रभार सौंपा है। मेघवाल वर्तमान में संस्कृति एवं संसदीय कार्य के राज्यमंत्री हैं। कानून मंत्री किरण रिजुजु के स्थान पर अब कानून मंत्रालय का कामकाज भी अर्जुन राम मेघवाल देखेंगे। बीकानेर लोकसभा सीट से लगातार तीन बार सांसद बनने वाले मेघवाल दलित समाज के एक बड़े नेता के रूप में स्थापित हैं।
3 बार सांसद बन चुके हैं मेघवाल
बीकानेर लोकसभा सीट से पहली बार वे 2009 में सांसद बने थे। बाद में 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने उन्हें टिकट दिया। तीनों बार मेघवाल अच्छे मतों से जीत हासिल की।
कानून मंत्री बनने से पहले ये मंत्रालय रहा
अर्जुन राम मेघवाल पूर्व में केन्द्रीय जल संसाधन, गंगा विकास और वित्त राज्य मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। राजनीति में आने से पहले अर्जुन राम मेघवाल राजकीय सेवा में थे। वे 1982 में राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए।
आईएएस अफसर बन कलेक्टर का जिम्मा संभाला
आरएएस से पदोन्नत होकर मेघवाल आईएएस बने मेघवाल चूरू जिला कलेक्टर भी रहे। साथ ही अलग अलग विभागों में सचिव और अन्य पदों पर कार्य किया।
वीआरएस लेकर राजनीति में आए, लगातार जीते 3 चुनाव
वर्ष 2009 के लोकसभा चुनावों से पहले अर्जुन राम मेघवाल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। मेघवाल ने अब तक तीन लोकसभा चुनाव लड़े और तीनों बार जीत हासिल की।
