जयपुर. जैसे-जैसे चुनावों का समय नजदीक आ रहा है। ऐसे में नेता कब किस पर क्या आरोप लगा दे, इस बारे में कोई नहीं जानता है। सड़क से लेकर सदन तक नेताओं के ऐसे ऐसे बयान आते रहे हैं। पहले आपने नकारा, निकम्मा और गद्दार वाले बयान सुने होंगे। अब बयानों की सियासत में एक शब्द और जुड़ गया है। वो है रावण। इस शब्द का इजाद भी केन्द्र की भाजपा सरकार के जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने किया है। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत ने चित्तोडगढ़ में आयोजित जन आक्रोश रैली में राजस्थान के मुख्यंत्री अशोक गहलोत को राजनीति का रावण करार दिया था। अपने संबोधन में शेखावत ने कहा कि राजस्थान में राजनीति के रावण अशोक गहलोत को समाप्त करना है और राम राज्य की स्थापना करनी है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने शेखावत की बात का समर्थन करते हुए दोनों हाथ खड़े किए थे।
मैं रावण सही, तुम राम बनकर ढाई लाख लोगों के रुपए लौटा दो
गजेन्द्र सिंह शेखावत की ओर से रावण शब्द का इस्तेमाल किए जाने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पलटवार करने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने चूरू जिले की तारानगर तहसील के गांव बनियाला में आयोजित सभा में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को जवाब दिया। गहलोत ने कहा कि मान लिया कि मैं रावण हूं या जनता का प्रथम सेवक ये तो जनता तय करेगी, लेकिन तुम राम बनकर तो दिखाओ। संजीवनी क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी के ढाई लाख पीडि़त लोगों के रुपए लौटा दो। मजदूर, किसान रो रहा है। उनकी तरफ तो ध्यान दो। गहलोत ने ये भी पाठ पढ़ाया कि तुम (शेखावत) मर्यादा पुरुषोत्तम राम बनना सीखो।
http://ये भी पढ़ें:गजेंद्र सिंह शेखावत जल्द जा सकते हैं जेल, रावण वाले कमेंट पर क्या बोले सीएम गहलोत
कांग्रेसी नेताओं ने शेखावत के बयानों की निंदा
गजेन्द्र सिंह शेखावत की ओर से मुख्यमंत्री के लिए रावण शब्द का इस्तेमाल करने पर कई कांग्रेसी नेताओं ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव एडवोकेट जसवंत सिंह ने कहा है कि भाजपा के नेता जिस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रहे हैं। उसमें उनकी 4 साल की बौखलाहट दिखाई दे रही है। जन आक्रोश में भीड़ ना जुटने की खीज भी नजर आती है। जसवंत सिंह ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह जी को संजीवनी घोटाले में अपना भविष्य दिखाई दे रहा है, उसका भय उनके बयानों में झलक रहा है। मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा ने शेखावत के बयान को निंदनीय बताया है। शर्मा ने कहा कि इस तरह का बयान देकर गजेन्द्र सिंह शेखावत जी ना केवल मुख्यमंत्री का बल्कि पूरे राजस्थान का अपमान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोगों को महंगाई से राहत दे रहे हैं। भाजपा को यह सहन नहीं हो रहा है।
