जयपुर. राजस्थान में मंगलवार रात से महिलाओं के लिए सरकार एक खास सौगात देने जा रही है। जहां महिला दिवस पर राजस्थान रोडवेज की बसों में पूरे दिन महिलाएं बिना किराया दिए फ्री में यात्रा कर सकती है। जानकारी के मुताबिक महिलाओं को फ्री यात्रा करने का लाभ कल यानि 8 मार्च को पूरे दिन रात 12 बजे तक मिलेगा। गहलोत सरकार ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को यह खास सुविधा दी है। जिसके तहत पूरे 24 घंटे फ्री में यात्रा की जा सकती है। होली पर राज्य के कई हिस्सों में महिलाएं यात्रा करती है। ऐसे में सरकार के इस फैसले के बाद बुधवार को वापस अपने शहरों की ओर लौटने वाली महिलाएं फ्री में यात्रा कर सकेंगी। बता दें कि महिलाओं को महिला दिवस के मौके पर फ्री ट्रेवल की सुविधा केवल राजस्थान रोडवेज की साधारण बसों में ही मिलेगी। वहीं इसके अलावा एसी, वोल्वो बसों में महिलाओं से पहले की तरह ही निर्धारित 70 प्रतिशत किराया लिया जाएगा।
राजस्थान राज्य की सीमा के अंदर यात्रा फ्री
राजस्थान रोडवेज प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक फ्री यात्रा की सुविधा आज रात 12 बजे से मिलेगी और अगर 12 बजे बाद कोई महिला रोडवेज की बस में टिकट लेती है तो उसका किराया नहीं लगेगा। वहीं बसों में मिलने वाली यह फ्री सेवा राजस्थान की सीमा के अंदर ही मिलेगी। इसके अलावा अगर कोई राजस्थान की सीमा से बाहर यात्रा करता है जैसे किसी महिला को दिल्ली, आगरा या आगे किसी दूसरे राज्य में जाना है तो राजस्थान की सीमा में रहने तक का किराया नहीं लिया जाएगा और उसके बाद आगे का किराया ही महिला को देना होगा।
7 करोड़ से अधिक सरकारी भार
माना जा रहा है कि रोडवेज प्रशासन के इस फैसले के बाद कल महिला दिवस पर पूरे प्रदेश में 8 लाख से ज्यादा महिलाएं सफर कर सकती है। अगर हम खर्चे की बात करें तो इस लाभ को देने के पीछे रोडवेज प्रशासन पर करीब 7.50 करोड़ रुपए का आर्थिक भार आएगा। गौरतलब है कि राजस्थान रोडवेज हर साल रक्षाबंधन, भाईदूज के दिन महिलाओं को फ्री ट्रेवल की सुविधा देता है लेकिन ऐसा पहली बार है जब महिला दिवस के दिन यात्रा फ्री की गई है।