पाली. पाली के स्वर्णिम इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय बुधवार से जुड़ जाएगा। पाली के निम्बली गांव (रोहट) के पास रीको क्षेत्र में बुधवार को 18वीं राष्ट्रीय स्काउट-गाइड जम्बूरी का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेगी। 4 से 10 जनवरी तक चलनेवाली इस जम्बूरी की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। राष्ट्रपति के आने से लेकर वापस जाने तक के सम्पूर्ण कार्यक्रम के प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास मंगलवार को किया गया। वायुसेना के विमानों ने भी सूर्यकिरण प्रदर्शन की रिहर्सल की। जंबूरी में भाग लेने देश-विदेश से 35 हजार स्काउट-गाइड आ रहे हंै। स्काउट के स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य ने मंगलवार को जम्बूरी स्थल पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से अभी तक की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन चंद्रभानसिंह भाटी, एडीएम सिलिंग जब्बरसिंह, यूआईटी सचिव वीरेन्द्रसिंह चौधरी सहित अन्य ने जम्बूरी स्थल का भ्रमण किया। हेलीपेड, मंच, एरिना आदि स्थलों की विजिट कर सम्बंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। जम्बूरी स्थल पर कड़ी सुरक्षा की गई है। राष्ट्रपति सहित अन्य वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर पहुंची टीमों से समन्वय करते हुए माकूल बंदोबस्त किए हैं।
मुख्यमंत्री करेंगे राष्ट्रपति का स्वागत
18वीं राष्ट्रीय स्काउट-गाइड जम्बूरी के उद्घाटन की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू बुधवार दोपहर 2:40 बजे जंबूरी स्थल पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेगी। राज्यपाल कलराज मिश्र दोपहर 1:45 बजे जंबूरी स्थल पर पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पाली जिले के प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से उनका स्वगात किया जाएगा। उद्घाटन समारोह दोपहर 3:10 से 4:40 बजे तक चलेगा।
220 हैक्टेयर एरिया में बसाया अस्थाई गांव
जानकारी के अनुसार पाली जिला मुख्यालय से महज 30 किमी दूर रोहट पंचायत समिति के गांव निम्बली ब्राह्मणन के पास रीको के 220 हैक्टेयर एरिया में अस्थाई स्मार्ट गांव बसाया गया है। यहां एक बड़ा स्टेडियम बनकर तैयार हो चुका है। एडवेंचर दिखाने के लिए अलग से ग्राउंड बनाया है। रहने के लिए अस्थाई टेंट की झोपडिय़ां बनाई गई है। पानी की पाइप लाइन बिछाने से लेकर हर जगह लाइट पहुंचाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। खरीदारी के लिए यहां मार्केट तक बनाया है। इस पूरे आयोजन के लिए 25 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। देश की अब तक की सबसे बड़ी 18वीं राष्ट्रीय भारत स्काउट गाइड जंबूरी 4 से 10 जनवरी तक होगी। समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू शिरकत करेगी। देश-विदेश से आने वाले 35 हजार स्काउट-गाइड इसमें हिस्सा लेंगे।
नगर परिषद के 150 सफाईकर्मी जुटे रहेंगे सफाई व्यवस्था में
नगर परिषद सभापति रेखा-राकेश भाटी ने बताया कि जंबूरी के दौरान नगर परिषद के 150 सफाईकर्मी 4 से 10 जनवरी तक यहां सफाई व्यवस्था में जुटे रहेंगे। इसके साथ ही नगर परिषद की और से यहां डस्टबिन भी लगवाए हंै। ताकि किसी प्रकार की गंदगी ना फैलें।
ये है जम्बूरी की खास बातें
- 220 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होगा जम्बूरी स्थल।
- देश विदेश से आने वाले 35 हजार स्काउट-गाइड लेंगे भाग।
- 1400 गुणा 1000 फीट का बनाया है स्टेडियम।
- 50 बेड का हॉस्पिटल भी बनाया।
- रहने के लिए बनाए 3500 टेंट।
- 1700 शौचालय और 1200 स्नानागार बनाएं।
- 02 हेलीपेड बनाए आयोजन स्थल पर बनाए।
- 27 किमी लंबी ग्रेवल सड़कें बनी।
- 580 मीटर लंबी डामर सड़क मय डिवाइडर तैयार कर रहा रीको।
- 06 लाख लीटर क्षमता की पेयजल टंकी बनवाई।
